ब्रेकिंग
सोमवार, 5 अक्टूबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
फूड डेस्क · 17 मिनट पहले

नाश्ते में बनाएं प्रोटीन से भरपूर छोले के पराठे, स्वाद के साथ सेहत का भी रखें ख्याल

सुबह के नाश्ते में बनाएं स्वादिष्ट और पौष्टिक छोले के पराठे। ज्वार, बाजरे के आटे और उबले चने से तैयार यह आसान रेसिपी दही के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 17 मिनट पहले
शेयर
नाश्ते में बनाएं प्रोटीन से भरपूर छोले के पराठे, स्वाद के साथ सेहत का भी रखें ख्याल

फूड डेस्क। सुबह के नाश्ते में अगर आप कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ पेट भी लंबे समय तक भरा रखे, तो छोले के पराठे एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। खास बात यह है कि इन्हें बचे हुए छोले या उबले हुए काबुली चने की मदद से भी आसानी से तैयार किया जा सकता है।

इस रेसिपी में सामान्य गेहूं के आटे की जगह ज्वार और बाजरे के आटे का इस्तेमाल किया गया है। चने के साथ इन अनाजों का इस्तेमाल नाश्ते को पौष्टिक बनाने का एक आसान तरीका है। इसे दही के साथ सर्व किया जा सकता है।

छोले के पराठे बनाने के लिए सामग्री

250 ग्राम काबुली चना

200 ग्राम ज्वार का आटा

200 ग्राम बाजरे का आटा

4 लहसुन की कलियां

1 इंच अदरक

3 हरी मिर्च

1 छोटा मीडियम प्याज

आधा गुच्छा हरा धनिया

पानी जरूरत के अनुसार

आधा छोटा चम्मच नमक

चुटकीभर हल्दी पाउडर

1 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स

आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर

आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर

आधा छोटा चम्मच चाट मसाला

जरूरत के अनुसार घी

ऐसे तैयार करें छोले के पराठे

पहला स्टेप: चने भिगोकर उबालें

सबसे पहले काबुली चने को करीब 6 से 7 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें। इसके बाद चनों को अच्छी तरह उबाल लें। ध्यान रखें कि चने पूरी तरह नरम हो जाएं, ताकि उन्हें आसानी से पीसा जा सके।

दूसरा स्टेप: तैयार करें चने का मसाला

उबले हुए चनों को एक मिक्सर में डालें। इसमें लहसुन की कलियां, अदरक, हरी मिर्च, प्याज, हरा धनिया, नमक और जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें।

सभी चीजों को अच्छी तरह पीसकर एक बारीक मिश्रण तैयार कर लें। यही मिश्रण पराठे के आटे में स्वाद और चने की पौष्टिकता जोड़ने का काम करेगा।

तीसरा स्टेप: तैयार करें आटा

अब एक बड़े बर्तन में ज्वार और बाजरे का आटा लें। इसमें तैयार किया हुआ चने का मिश्रण डालें।

इसके बाद हल्दी, चिली फ्लेक्स, जीरा पाउडर, काली मिर्च पाउडर और चाट मसाला डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।

अब जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए आटा गूंथ लें। आटा न बहुत सख्त रखें और न ही बहुत ढीला। इसे कुछ देर के लिए सेट होने दें।

चौथा स्टेप: बेलकर सेंकें पराठे

तैयार आटे की बराबर आकार की लोइयां बना लें। अब इन्हें पराठे की तरह बेलें।

गैस पर तवा रखें और उसे अच्छी तरह गर्म होने दें। गर्म तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंकें। पराठे पर जरूरत के अनुसार घी लगाएं और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं।

इसी तरह सभी लोइयों से पराठे तैयार कर लें।

दही या चटनी के साथ करें सर्व

गरमा-गरम छोले के पराठों को दही, हरी चटनी या अपनी पसंद की चटनी के साथ सर्व करें। सुबह के नाश्ते के अलावा इन्हें लंच या शाम के समय भी खाया जा सकता है।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
समाचार पढ़ें
लेक क्रूज बुक करें
पत्रकारिता सीखें