छतरपुर में दो सगे भाइयों की हत्या, मां के करीबी युवक पर अपहरण का आरोप
छतरपुर के लवकुशनगर में स्कूल से लौटते समय लापता हुए 11 और 9 साल के दो सगे भाइयों के शव कुएं से मिले। पुलिस मां के करीबी युवक की तलाश कर रही है।


छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर में दो मासूम सगे भाइयों के लापता होने के बाद उनके शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में बच्चों को उनकी मां के करीबी युवक द्वारा बाइक से ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने युवक को मामले में संदिग्ध मानते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, बच्चों की मां की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
स्कूल से घर लौटते समय लापता हुए थे दोनों भाई
जानकारी के अनुसार, लवकुशनगर के सिद्दन मोहल्ला निवासी निरपत यादव के 11 वर्षीय बेटे सचिन और 9 वर्षीय बेटे प्रेम एक निजी स्कूल में पढ़ते थे। शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों भाई घर नहीं पहुंचे। काफी समय बीतने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला।
इसके बाद बच्चों की मां संगीता ने लवकुशनगर थाने में दोनों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए बच्चों के स्कूल से घर लौटने वाले रास्ते और आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई।
बैग और साइकिल गुमठी पर रखवाकर बाइक से ले जाने की बात सामने आई
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला। पुलिस के अनुसार, बच्चों के बैग और साइकिल एक गुमठी पर रखवाए गए थे और इसके बाद एक युवक दोनों को बाइक से अपने साथ ले गया।
पुलिस ने युवक की पहचान बालेंद्र सिंह निवासी पुरवा बम्होरी के रूप में की है। बताया जा रहा है कि वह बच्चों के घर आता-जाता था और उनकी मां से उसके करीबी संबंध होने की बात जांच में सामने आई है।
कुएं से बरामद हुए दोनों बच्चों के शव
रविवार दोपहर पुलिस को पहाड़तरे के पुरवा के पास स्थित एक कुएं में दोनों बच्चों के शव होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
बच्चों को रास्ते में बाधा मानने का संदेह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित युवक के बच्चों की मां के साथ करीबी संबंध थे। बच्चों के पिता काम के सिलसिले में बाहर रहते थे। पुलिस को संदेह है कि आरोपित बच्चों को अपने संबंधों में बाधा मानता था और इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया।
छतरपुर एसपी रजत सकलेचा के अनुसार, बच्चों को युवक के साथ जाते हुए देखा गया है और इससे संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के सामने आया है। पुलिस संदिग्ध युवक की तलाश कर रही है।
मां की भूमिका की भी जांच
पुलिस इस मामले में बच्चों की मां की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे और हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
फिलहाल पुलिस आरोपित युवक की तलाश के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। दोनों बच्चों की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।