MP News: भोपाल में शिव मंदिर को लेकर विवाद,रहवासियों ने अंजलि उर्फ उजमा रजा पर मंदिर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप
भोपाल की आम्रपाली एन्क्लेव सोसायटी में नवनिर्मित शिव मंदिर को लेकर विवाद। रहवासियों ने अंजलि उर्फ उजमा रजा पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।


भोपाल। राजधानी भोपाल के चूना भट्टी थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली एन्क्लेव सोसायटी में नवनिर्मित शिव मंदिर को लेकर विवाद सामने आया है। सोसायटी के रहवासियों ने अंजलि उर्फ उजमा रजा पर मंदिर के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, विवाद 24 जुलाई को उस समय हुआ जब सोसायटी परिसर में विकसित किए जा रहे पार्क और नवनिर्मित शिव मंदिर को लेकर कुछ रहवासियों एवं अंजलि उर्फ उजमा रजा के बीच तीखी बहस हो गई। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बहस के दौरान महिला ने मंदिर को लेकर अभद्र और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
रहवासियों ने इस संबंध में चूना भट्टी थाने में लिखित शिकायत सौंपते हुए वीडियो फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। शिकायत में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोसायटी के लोगों का कहना है कि आम्रपाली एन्क्लेव में वर्षों से विभिन्न धर्मों के लोग सौहार्दपूर्ण वातावरण में रहते आए हैं और इस प्रकार का विवाद पहली बार सामने आया है। उनका कहना है कि मंदिर निर्माण सोसायटी की सहमति से किया गया था और हाल ही में वहां धार्मिक विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा भी संपन्न हुई है।
वहीं, इस मामले में अंजलि उर्फ उजमा रजा की ओर से सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी