Mp News:ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज बंद रहेंगे 31 हजार से अधिक मेडिकल स्टोर

भोपाल। ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी व्यवस्था के विरोध में बुधवार को मध्यप्रदेश के 31 हजार से अधिक मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। यह बंद ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के देशव्यापी आह्वान पर किया जा रहा है। राजधानी भोपाल में भी करीब 3 हजार मेडिकल दुकानों के बंद रहने की संभावना जताई गई है।

केमिस्ट संगठनों का कहना है कि ऑनलाइन माध्यम से नकली, एक्सपायरी और बिना उचित निगरानी वाली दवाओं की बिक्री बढ़ रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर दवा व्यापारी लंबे समय से ई-फार्मेसी व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं।

हालांकि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसरों में संचालित मेडिकल स्टोर इस बंद से मुक्त रहेंगे और सामान्य रूप से खुले रहेंगे।


ये भी पढ़ें-Bhopal News:जिला बदर आदेश तोड़ने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

एआईओसीडी ने कोविड-19 महामारी के दौरान 26 मार्च 2020 को जारी किए गए अस्थायी नोटिफिकेशन पर भी सवाल उठाए हैं। संगठन का कहना है कि आपातकालीन परिस्थितियों में दी गई छूट को अब तक जारी रखना उचित नहीं है। इससे दवा बिक्री से जुड़े नियम कमजोर हो रहे हैं और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म आवश्यक जांच प्रक्रिया से बच निकलते हैं।

संगठन ने केंद्र सरकार से कोविड अवधि में जारी नोटिफिकेशन GSR 220(E) और ई-फार्मेसी फ्रेमवर्क नोटिफिकेशन GSR 817(E) को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

ये भी पढ़ें- बुंदेलखंड में बदलाव की बयार: हाइड्रोपोनिक्स तकनीक बनी गौशालाओं का सहारा, महिलाओं ने तैयार किया पौष्टिक हरा चारा

एआईओसीडी के राष्ट्रीय महासचिव राजीव सिंघल ने कहा कि ई-फार्मेसी के विरोध में यह देशव्यापी बंद आयोजित किया गया है। वहीं दवा व्यापारी नेता जितेंद्र धाकड़ ने कहा कि जिले के सभी रिटेल और थोक दवा व्यापारी इस बंद का समर्थन करेंगे, क्योंकि यह मामला सीधे जनता के स्वास्थ्य और दवा सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!