सांदीपनि स्कूलों में 108 सहायिकाओं की होगी नियुक्ति, लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किए निर्देश

Ai image

भोपाल। मध्यप्रदेश के सांदीपनि विद्यालयों में प्री-प्राइमरी बच्चों की देखभाल और शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने बड़ी पहल की है। संचालनालय ने राज्य के 39 सांदीपनि विद्यालयों में 108 आउटसोर्स प्री-प्राइमरी हेल्पर (सहायिकाओं) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। यह व्यवस्था 15 जुलाई 2026 से लागू करने के लिए कहा गया है।


लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 7 जुलाई 2026 को जारी आदेश में उद्यमिता विकास केन्द्र (सेडमैप) के नोडल अधिकारी (वित्त/एचआर) को निर्देशित किया गया है कि संलग्न सूची के अनुसार निर्धारित विद्यालयों में आवश्यक संख्या में सहायिकाएं उपलब्ध कराई जाएं।

प्री-प्राइमरी बच्चों को मिलेगा बेहतर सहयोग


आदेश के अनुसार, सांदीपनि विद्यालयों में अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी गई है। नियुक्त की जाने वाली सहायिकाएं प्री-प्राइमरी कक्षाओं में छोटे बच्चों की देखभाल, स्वच्छता, भोजन, गतिविधियों और शिक्षकों को सहयोग देने का कार्य करेंगी। इससे विद्यालयों में प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

चयन प्रक्रिया पूर्व निर्धारित नियमों से होगी


संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि सहायिकाओं का चयन पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। यह नियुक्तियां आउटसोर्स व्यवस्था के तहत की जाएंगी और इनके संचालन की जिम्मेदारी सेडमैप को सौंपी गई है।
अधिकारियों को भेजी गई प्रतिलिपि
इस आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, आयुक्त, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, सेडमैप के कार्यकारी संचालक, सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों और संबंधित सांदीपनि विद्यालयों के प्राचार्यों को भी भेजी गई है, ताकि समयबद्ध तरीके से आदेश का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!