रीवा। जिले के रायपुर कर्चुलियान क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। युवक ने सुसाइड से पहले एक वीडियो जारी कर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चंदन पासी के रूप में हुई है। सोमवार को उसने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें वह अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने के लिए तरसने तथा ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात कहता नजर आ रहा है। वीडियो में युवक ने यह भी कहा कि वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान है और अब जीने की इच्छा समाप्त हो चुकी है।
ये भी पढ़ें: Mp News: हाईवे किनारे अस्पतालों को मिलेगा 30% अनुदान, प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्ता
बताया जा रहा है कि चंदन की शादी करीब छह वर्ष पूर्व कंचन पासी से हुई थी। शादी के बाद से ही दंपति के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। परिजनों के मुताबिक चंदन लगातार अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने का प्रयास करता था, लेकिन उसे कथित रूप से धमकियां दी जाती थीं।
पुलिस के अनुसार युवक का शव सीतापुर मोड़ के पास मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आत्महत्या के कारणों को लेकर सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।