केंद्रीय मंत्री वीके सिंह 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे

भारतीय जनता पार्टी की पांचवी लिस्ट आने से पहले ही मोदी सरकार में मंत्री वीके सिंह ने बड़ा ऐलान कर दिया है। भाजपा प्रत्याशियों की पांचवी लिस्ट आने से पहले उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। वीके सिंह गाजियाबाद से साल 2014 और 2019 में लगातार जीत दर्ज कर चुके हैं। वह मौजूदा केंद्र की मोदी सरकार में भी मंत्री हैं।

गाजियाबाद सीट से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने यह जानकारी ‘एक्स’ पर साझा की है। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा है, “मैंने सैनिक के रूप में इस राष्ट्र की सेवा में अपना सारा जीवन समर्पित किया है। पिछले 10 वर्षों से, मैंने गाजियाबाद को एक विश्व स्तरीय शहर बनाने के सपने को पूरा करने के लिए अथक परिश्रम किया है। इस यात्रा में, देश और गाजियाबाद के नागरिकों के साथ-साथ भाजपा के सदस्यों का जो विश्वास और प्रेम मुझे प्राप्त हुआ है, उसके लिए मैं आभारी हूँ। यह भावनात्मक बंधन मेरे लिए अमूल्य है। इन भावनाओं के साथ, मैंने एक कठिन, परंतु विचारपूर्ण निर्णय लिया है। मैं 2024 के चुनावों में नहीं लड़ूंगा। यह निर्णय मेरे लिए आसान नहीं था, परंतु मैंने इसे अपने दिल की गहराइयों से लिया है। मैं अपनी ऊर्जा और समय को नई दिशाओं में ले जाना चाहता हूँ, जहाँ अपने देश की सेवा अलग तरीके से कर सकूं।”

गाजियाबाद की जनता को भी दिया धन्यवाद

एक्स पर पोस्ट करते हुए वीके सिंह ने गाजियाबाद की जनता का भी धन्यवाद किया है। उन्होंने लिखा, “इस यात्रा में आपके साथी रहने के लिए मैं आप सब को दिल से धन्यावाद देता हूँ। आपके प्यार, समर्थन और विश्वास ने मुझे हमेशा प्रेरित किया है। आगे भी, मैं देश और सब नागरिकों के प्रति अपनी सेवा जारी रखूंगा, बस एक नए रूप में।”

भारतीय जनता पार्टी ने अपने लोकसभा प्रत्याशियों की चार सूची जारी कर दी है। ऐसा कहा जा रहा है कि भाजपा अपनी पांचवी लिस्ट कभी भी जारी कर सकती है। पांचवी लिस्ट से पहले ही वीके सिंह ने चुनाव ना लड़ने का फैसला किया है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!