मंगलाचरण के साथ प्रारंभ हुआ दो दिवसीय मां नर्मदा प्राकट्योत्सव एवं नगर गौरव दिवस

नर्मदापुरम | मां नर्मदा प्राकट्योत्सव एवं नगर गौरव दिवस 2026 का दो दिवसीय आयोजन श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ भव्य रूप से प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं गणेश वंदना से हुआ, जिसके पश्चात मां नर्मदा का विधिवत पूजन-अर्चन एवं अभिषेक संपन्न कराया गया। इस अवसर पर भजन-कीर्तन के आयोजन ने पूरे परिसर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

शनिवार 24 जनवरी को आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत ‘इंद्रधनुष’ कार्यक्रम में रंगोली चित्रकला एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सायंकालीन कार्यक्रमों के अंतर्गत शाम 7 बजे मां नर्मदा जी की भव्य आरती का आयोजन नित्य आरती समिति द्वारा किया गया। इसके पश्चात रात्रि 7:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।

सांस्कृतिक संध्या में श्वेता शर्मा एवं उनके साथियों द्वारा मां नर्मदा के जीवन एवं महिमा पर आधारित भावपूर्ण नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं रवि त्रिपाठी एवं उनके समूह द्वारा प्रस्तुत भक्ति गायन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में सूहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा विशेष प्रबंध किए गए थे।

दो दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत आगामी कार्यक्रमों को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!