राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

मेधावी व प्रतिभाशाली बालिकाओं का किया गया सम्मान

नर्मदापुरम | राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार 24 जनवरी 2026 को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शासकीय पीएम एक्सीलेंस नर्मदा महाविद्यालय, नर्मदापुरम में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संचालनालय महिला एवं बाल विकास मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर नर्मदापुरम सुश्री सोनिया मीना के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री ललित कुमार डेहरिया, मान विधायक प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती सीमा तिवारी, निदेशक नर्मदा एजुकेशन सोसाइटी श्री अरुण शर्मा, परामर्शदाता एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री मयंक तोमर, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास (ग्रामीण) श्री प्रमोद गौर, महिला एवं बाल विकास विभाग (शहरी) से श्रीमती प्रीति यादव सहित किशोरी बालिकाएं, उनके अभिभावक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक, कला एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मेधावी बालिकाओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ‘घर की पहचान बेटी के नाम’ अभियान के अंतर्गत बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को नेम प्लेट भेंट की गई। वहीं, एक अथवा दो बेटियों पर परिवार नियोजन अपनाने वाले अभिभावकों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत आदर्श स्वरूप गौरव पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा नृत्य, गायन एवं कविता पाठ जैसी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहा। आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ावा देना एवं समाज में उनके अधिकारों व सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!