
नर्मदापुरम। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह सोमवार को नर्मदापुरम पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध सेठानी घाट पर मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर महाआरती में सहभागिता की। इस दौरान मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने सस्वर मां नर्मदा अष्टक का पाठ किया तथा मां नर्मदा को पुष्प अर्पित कर चुनरी चढ़ाई।
गंगा दशहरा के अवसर पर मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने विवेकानंद घाट पहुंचकर श्रमदान भी किया। उन्होंने स्वयं हाथों में झाड़ू लेकर घाट परिसर की सफाई की और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं नगरवासियों ने भी श्रमदान में भाग लेकर घाट को स्वच्छ बनाने में सहयोग किया।
मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, आसपास के परिसर एवं घाटों को स्वच्छ बनाए रखने की आदत विकसित करनी चाहिए। स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर माया नारोलिया, ठाकुरदास नागवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर सोमेश मिश्रा, एसपी साई कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, एडीएम अनिल जैन, अपर कलेक्टर बृजेन्द्र रावत, एसडीएम जय सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर डॉ. बबिता राठौर, समाजसेवी डीएस दांगी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नगरवासी मौजूद रहे।