माखननगर तहसील में राजस्व प्रकरणों के निराकरण में आई तेजी, 437 मामलों का निपटारा

माखननगर। कलेक्टर नर्मदापुरम के सतत निर्देशन एवं मॉनिटरिंग के चलते तहसील माखननगर में राजस्व न्यायालयीन प्रकरणों के निराकरण में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिल रही है। तहसील प्रशासन द्वारा वर्षभर में नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन सहित कुल 437 राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया है, जिससे आमजन को समय पर राहत मिल रही है।


प्रशासनिक जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन द्वारा राजस्व मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से न्यायिक एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट कार्यों को पृथक किया गया है। इसी क्रम में तहसील माखननगर में पूर्णकालिक न्यायिक तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार की व्यवस्था लागू की गई है। वर्तमान में तहसीलदार महेन्द्र चौहान एवं नायब तहसीलदार सुनील गढ़वाल की पदस्थापना होने से न्यायालय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं, जहां प्रकरणों की सुनवाई विधिसम्मत तरीके से की जा रही है।


वहीं न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी नर्मदापुरम द्वारा भी माखननगर क्षेत्र के प्रकरणों की सुनवाई प्रत्येक मंगलवार को तहसील मुख्यालय माखननगर में की जा रही है। इससे हितग्राहियों को अनावश्यक रूप से मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और स्थानीय स्तर पर ही प्रकरणों का निराकरण संभव हो रहा है।
प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था, प्रोटोकॉल ड्यूटी एवं गैर-न्यायिक कार्यों के प्रभावी संचालन हेतु सुश्री श्रद्धा गोस्वामी को नायब तहसीलदार के रूप में पदस्थ किया गया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के प्रयास लगातार जारी हैं।


तहसील क्षेत्र के आमजन एवं अधिवक्ताओं ने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर संतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर नर्मदापुरम का आभार जताया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!