गनेरा में आज होगा चक्का जाम आंदोलन, वाइन शॉप बंद कराने की मांग तेज

माखननगर। ग्राम पंचायत गनेरा में संचालित वाइन शॉप को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन आज उग्र रूप ले सकता है। ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों द्वारा प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद आज गनेरा बस स्टैंड पर शांतिपूर्ण चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा।


ग्रामीणों का आरोप है कि वाइन शॉप धार्मिक स्थल, विद्यालय और नर्मदा क्षेत्र के निकट संचालित हो रही है, जिससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में दावा किया है कि शराब दुकान प्राचीन मां नर्मदा मंदिर और हनुमान मंदिर से करीब 40 मीटर दूरी पर स्थित है तथा श्रीकृष्ण आदर्श स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने संचालित हो रही है।


ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि दुकान ग्राम पंचायत की आबादी भूमि पर संचालित की जा रही है, जिसकी वैधानिक जांच आवश्यक है। मामले को लेकर गांव में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।


प्रशासन को दी गई चेतावनी में कहा गया था कि यदि 24 घंटे के भीतर वाइन शॉप बंद नहीं की गई तो ग्रामवासी लोकतांत्रिक तरीके से चक्का जाम आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों ने आंदोलन को पूर्णतः शांतिपूर्ण बताते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की बात कही है।


अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और आंदोलन के बीच कोई समाधान निकल पाता है या नहीं।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!