
नर्मदापुरम। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई जारी है। कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग लगातार निगरानी कर अवैध गतिविधियों में लिप्त वाहनों पर कार्रवाई कर रहा है।
इसी क्रम में 4 मई को खनिज विभाग की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र मोहासा, तहसील माखननगर में कार्रवाई करते हुए एक डम्पर (क्रमांक MP66H1520) को अवैध रूप से मिट्टी खनिज के उत्खनन एवं भंडारण में संलिप्त पाए जाने पर जप्त किया। वाहन को पुलिस थाना माखननगर की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में ग्राम सहेली, तहसील इटारसी से एक अन्य डम्पर (क्रमांक RJ17GB0670) को गिट्टी खनिज का ओवरलोड परिवहन करते पकड़ा गया। इस वाहन को भी जप्त कर पुलिस थाना केसला की निगरानी में रखा गया है।प्रशासन द्वारा रेत परिवहन करने वाले वाहनों की भी सघन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रेत का परिवहन ढककर किया जाए तथा वाहनों की गति नियंत्रित रखी जाए, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दोनों जप्त वाहनों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।