ब्रेकिंग
गुरुवार, 3 सितंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम/पिपरिया · 1 मिनट पहले

पिपरिया जनसंवाद शिविर में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने फार्मर रजिस्ट्री 2 माह में और राजस्व आदेशों का अमल 7 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए।

पिपरिया जनसंवाद शिविर में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने फार्मर रजिस्ट्री 2 माह में और राजस्व आदेशों का अमल 7 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए।

दीपक शर्मा
दीपक शर्मा
Editor-in-Chief · 1 मिनट पहले
शेयर
पिपरिया जनसंवाद शिविर में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने फार्मर रजिस्ट्री 2 माह में और राजस्व आदेशों का अमल 7 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए।

नर्मदापुरम/पिपरिया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत गुरुवार को कृषि उपज मंडी पिपरिया में जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में बताया गया।

शिविर में पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीना नागपाल, नवनीत नागपाल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती कुसुम लता पटेल, श्रीमती ममता नागवंशी, कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया।

कृषि, स्वास्थ्य से लेकर राजस्व तक विभागों ने लगाए स्टॉल

जनसंवाद शिविर में कृषि, स्वास्थ्य, आयुष, महिला एवं बाल विकास, पुलिस, स्व-सहायता समूह, श्रम, विद्युत, उद्योग और राजस्व सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए।

इनके माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं के लिए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराई गई।

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अधिकारियों को विभिन्न जनसमस्याओं के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग को फार्मर रजिस्ट्री का कार्य आगामी दो माह में पूरा करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका को साफ-सफाई और आवास से जुड़े आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई कर उनका निराकरण करने को कहा गया। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को भी प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा राजस्व विभाग को आदेशों के अमल दरामद का कार्य 7 दिवस में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

दफ्तरों से निकलकर नागरिकों के बीच पहुंच रहे अधिकारी: विधायक

पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सप्ताह में एक दिन अधिकारी अपने कार्यालयों तक सीमित न रहकर सीधे नागरिकों के बीच पहुंच रहे हैं। इससे शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिल रही है।

विधायक ने कहा कि पिपरिया क्षेत्र में औद्योगिक विकास की काफी संभावनाएं हैं। सब्जी, फल और अनाज की प्रोसेसिंग के क्षेत्र में उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को शासन और जनता के बीच दूरी कम करने तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

जनप्रतिनिधि और प्रशासन जनकल्याण के लिए एक ही गाड़ी के दो पहिए: नपा अध्यक्ष

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीना नागपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान जन सेवा से जनकल्याण के लिए समर्पित अभियान है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को जनकल्याण के लिए एक ही गाड़ी के दो पहिए बताते हुए कहा कि आपसी समन्वय से नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

“संवाद से समाधान” अभियान का मुख्य उद्देश्य: कलेक्टर

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि “संवाद से समाधान” ही मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं, जिससे नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं। जिन समस्याओं का समाधान शिविर में तत्काल संभव नहीं होता, उनके लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित की जाती है।

कलेक्टर ने कहा कि अभियान में शासन और आमजन के बीच सीधे संवाद के साथ-साथ उद्यमियों से संवाद को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को उद्योग स्थापना और स्वरोजगार से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है।

उन्होंने युवाओं से एमपीआईडीसी और उद्योग विभाग के स्टॉल पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने तथा सफल उद्यमियों से उनके अनुभव जानने की अपील की।

उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के प्रमुख घटक उद्यम संवाद के दौरान क्षेत्र के विभिन्न उद्यमियों ने सरकारी योजनाओं के माध्यम से उद्योग और स्वरोजगार स्थापित करने के अपने अनुभव साझा किए।

पीएमएफएमई योजना से लाभान्वित बबलू कीर और चैन सिंह किरार ने अपने उद्योग एवं उत्पादों की जानकारी दी। वहीं एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के तहत लाभ लेने वाले विवेक माहेश्वरी, आयुष मंडलोई, भगवान दास अग्रवाल और मयंक दुदानी ने भी अपने-अपने उद्योगों के बारे में बताया।

पशुपालन विभाग की राष्ट्रीय पशुधन मिशन योजना से लाभान्वित जयंत और अरुण पटवा ने भी अपने अनुभव साझा किए।

इसी क्रम में एनआरएलएम के माध्यम से स्व-सहायता समूह शुरू करने वाली श्रीमती संध्या मेहरा ने बताया कि ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद’ के माध्यम से मूर्ति निर्माण और बिक्री का कार्य शुरू कर उन्होंने स्वरोजगार का अवसर तैयार किया।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शिविर के दौरान विधायक ठाकुरदास नागवंशी, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधारोपण किया।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित यह शिविर प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधे संवाद का मंच बना, जहां सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ स्थानीय समस्याओं के समाधान और रोजगार-स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

यह खबर शेयर करें
शेयर