नर्मदापुरम में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई, दो पनडुब्बी और गिट्टी से भरा डंपर जब्त
नर्मदापुरम के ग्राम कजली में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की। दो पनडुब्बियां और गिट्टी का अवैध परिवहन करते डंपर MP04HE4953 जब्त किया गया।


नर्मदापुरम। जिले में अवैध रेत एवं अन्य गौण खनिजों के उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सिवनी मालवा तहसील के ग्राम कजली में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही दो पनडुब्बियां जब्त की हैं।
कजली में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई
संयुक्त जांच दल ने ग्राम कजली में निरीक्षण के दौरान रेत का अवैध उत्खनन करते हुए दो पनडुब्बियों को पकड़ा। कार्रवाई के बाद दोनों पनडुब्बियों को थाना सिवनी मालवा की पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत उत्खनन में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

गिट्टी का अवैध परिवहन करते डंपर जब्त
इसी कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग की टीम ने डंपर क्रमांक MP04HE4953 को गिट्टी खनिज का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा। जांच के बाद डंपर को भी जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।

अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी
प्रशासन ने जिले में रेत और अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन या खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सिवनी मालवा हीरू कुमरे, खनि निरीक्षक बसंत पाटिल, खनि सिपाही हेमंत राज सहित राजस्व अमला मौजूद रहा।

