नर्मदापुरम में मिलावटी मावे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 650 किलो मावा जब्त
नर्मदापुरम में त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई। पुराने बस स्टैंड पर बिना बिल 650 किलो मावा जब्त, कई मिठाई दुकानों से नमूने लिए गए।


नर्मदापुरम। त्योहारों के मद्देनजर जिले में मिलावटी और गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने नर्मदापुरम शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना बिल के परिवहन किए जा रहे 650 किलो मावे को जब्त किया। मावे के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं और पूरी खेप को सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज में रखवाया गया है।
यह कार्रवाई नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवेन्द्र सिंह के निर्देशन में की गई।
पुराने बस स्टैंड पर पकड़ी गई मावे की खेप
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुराने बस स्टैंड, नर्मदापुरम पर कटियार बस क्रमांक MP04 PA 3120 को रोककर जांच की गई। बस की डिक्की की तलाशी लेने पर 13 बोरियों में मावा भरा मिला। पूछताछ के दौरान मावे से संबंधित कोई बिल प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
मौके पर अतिरिक्त तहसीलदार डॉ. सुरेखा यादव और खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस. दियावार ने मावे की बोरियों को उतरवाकर जांच की। कुल 650 किलोग्राम मावा पाया गया।
पूछताछ में यह मावा फूल सिंह यादव का होना बताया गया। व्यापारी ने अधिकारियों को बताया कि मावा भोपाल से मंगवाया गया है, लेकिन उसके पास बिल उपलब्ध नहीं है। मावे की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने जांच के लिए नमूने लिए और पूरी खेप को जब्त कर कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवा दिया।
व्यापारी को नोटिस जारी किया जा रहा है, जबकि मावा भेजने वाले व्यक्ति के संबंध में भी जांच की जा रही है।
ब्रजवासी स्वीट से भी लिए नमूने
प्रशासनिक टीम ने चक्कर रोड स्थित ब्रजवासी स्वीट की भी जांच की। यहां से मावा और मीठा मावा के दो नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को भी प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है।
सिवनी मालवा में मिठाई दुकानों पर जांच
सिवनी मालवा में भी प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की जांच की। अनुविभागीय अधिकारी विजय राय के निर्देशन में राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न मिठाई निर्माण केंद्रों और दुकानों का निरीक्षण किया।
साईं स्वीट्स, बानापुरा और ओम राजस्थान मिष्ठान भंडार, बानापुरा से मिल्क केक एवं बर्फी के नमूने लिए गए। वहीं गीता टॉकीज के पास स्थित राजस्थान मिष्ठान भंडार के कारखाने से मिल्क केक, पाइनएप्पल बर्फी, चॉकलेट बर्फी और अंजीर बर्फी के नमूने लिए गए। इसके अलावा रितेश ट्रेडर्स से पैक्ड घी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा और नायब तहसीलदार कीर्ति प्रधान की टीम ने की।
पिपरिया में भी मावा और मिठाइयों के सैंपल
पिपरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सपना स्वीट और बीकानेर स्वीट की जांच की। सपना स्वीट से मावा और गुलकंद बर्फी के दो नमूने लिए गए। वहीं बीकानेर स्वीट से मावा, रसगुल्ला और मोतीचूर लड्डू के कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए गए।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी नमूने नियमानुसार राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों और व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से दूध, मावा, दुग्ध उत्पाद, घी और मिठाइयों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और सैंपलिंग को तेज किया गया है।
