मध्यप्रदेश में पंचायत उपचुनाव: 103 पदों पर मतदान, 79 सरपंच और 5 जिला पंचायत सदस्य मैदान में
मध्यप्रदेश में पंचायत उपचुनाव के लिए 103 रिक्त पदों पर मतदान हो रहा है। 79 सरपंच, 4 पंच और 5 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए वोटिंग जारी है।


भोपाल। मध्यप्रदेश में पंचायत उपचुनाव के लिए मंगलवार, 29 सितंबर को मतदान कराया जा रहा है। प्रदेश में पंचायतों के 103 रिक्त पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें 79 सरपंच, 4 पंच और 5 जिला पंचायत सदस्य के पद शामिल हैं। संबंधित जिलों में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं की गई हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत स्तर पर जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच और पंच के कुल 4,235 रिक्त पदों के लिए उपचुनाव कार्यक्रम जारी किया था। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बड़ी संख्या में पदों पर उम्मीदवार नहीं मिलने और कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन के कारण अधिकांश सीटों पर मतदान की स्थिति नहीं बनी। 604 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि कुछ पद न्यायालयीन रोक के कारण चुनाव से बाहर हैं।
4,091 पंच पदों में केवल चार पर चुनाव
प्रदेश में 4,091 पंच पदों के लिए उपचुनाव होना था। नामांकन के बाद 604 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि 3,480 पदों पर किसी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके बाद अब केवल चार पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है।
110 सरपंच पदों में 79 पर मतदान
सरपंच के 110 रिक्त पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई थी। इनमें 21 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि चार पदों पर न्यायालय की रोक है। इसके चलते अब 79 सरपंच पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है।
पांच जिला पंचायत सदस्य पदों पर मतदान
जिला पंचायत सदस्य के सात रिक्त पदों के लिए उपचुनाव होना था। इनमें रायसेन के दो पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इसके बाद अब पांच जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है।
सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद पर भी मतदान
पंचायत उपचुनाव के साथ आगर-मालवा जिले की नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद के लिए भी मंगलवार को मतदान हो रहा है। यहां भाजपा के प्रदीप सोनी और कांग्रेस के विष्णु पाटीदार आमने-सामने हैं। मतदान के बाद राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
