फिट इंडिया स्वस्थ इंडिया: सेवा संकल्प अभियान के तहत योग व ध्यान कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत माखननगर शासकीय महाविद्यालय में ‘फिट इंडिया, स्वस्थ इंडिया’ थीम पर योग, प्राणायाम और ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया।


माखननगर। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शनिवार को श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखननगर में ‘फिट इंडिया, स्वस्थ इंडिया’ की थीम को ध्यान में रखते हुए योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना और दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. राजकुमार पटवा ने छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराया। योग सत्र में विभिन्न आसन, प्राणायाम एवं ध्यान (मेडिटेशन) का अभ्यास कराया गया। इस दौरान उन्होंने योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के महत्व को समझाया।
उन्होंने कहा कि नियमित योग और ध्यान से शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, तनाव प्रबंधन और कार्यक्षमता में भी सुधार किया जा सकता है। विद्यार्थियों से दैनिक दिनचर्या में योग एवं ध्यान को शामिल करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य डॉ. आई.एस. कनेश के निर्देशन में आयोजित हुआ। योग कक्षा में डॉ. मनीष शर्मा, डॉ. कविता दुबे, डॉ. संगीता मिश्रा, सुश्री शीतल वर्मा एवं सुश्री शिवानी मालवीय सहित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान ने मंच संचालन किया तथा अंत में सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ मन के लिए योग और ध्यान को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
