सांदीपनि विद्यालय पिपरिया में कलेक्टर ने बच्चों के बीच शिक्षक बनकर पढ़ाया पाठ
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सांदीपनि विद्यालय पिपरिया का निरीक्षण किया। बच्चों से संवाद कर पाठ पढ़ाया और भवन के सुधार, पानी निकासी व बाउंड्रीवाल की जांच के निर्देश दिए।


नर्मदापुरम/पिपरिया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने गुरुवार को पिपरिया स्थित सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय भवन के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर निर्माण एवं सुधारात्मक कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और भवन की स्थिति को बारीकी से देखा। उन्होंने भवन में जहां भी कमियां पाई गईं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
बच्चों के बीच पहुंचे कलेक्टर, पाठ्यपुस्तक से पढ़ाया पाठ
विद्यालय निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों की पाठ्यपुस्तक से पाठ भी पढ़ाया और उनकी पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करते हुए उनकी शैक्षणिक प्रगति के बारे में भी पूछा।
कलेक्टर का बच्चों के बीच शिक्षक की भूमिका में नजर आना निरीक्षण का प्रमुख आकर्षण रहा।
सुधारात्मक कार्य पूरे होने के बाद ही लिया जाए भवन का हैंडओवर
कलेक्टर मिश्रा ने सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य को निर्देश दिए कि विद्यालय भवन का हैंडओवर सभी आवश्यक सुधारात्मक कार्य पूर्ण होने के बाद ही लिया जाए।
उन्होंने कहा कि भवन में जहां भी निर्माण संबंधी कमियां या सुधार की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता से दुरुस्त कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
पानी निकासी और बाउंड्रीवाल की मजबूती पर भी निर्देश
कलेक्टर ने विद्यालय परिसर के ग्राउंड में पानी निकासी की व्यवस्था को भी देखा। उन्होंने आवश्यकतानुसार ग्राउंड की ढलान/रैंप को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, जिससे बारिश के दौरान पानी जमा होने की समस्या न हो।
इसके साथ ही विद्यालय की बाउंड्रीवाल की मजबूती की जांच लोक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि भवन की जांच और आवश्यक सुधारात्मक कार्यों के आधार पर आगामी कार्ययोजना तैयार की जाए और उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों और स्कूल स्टाफ की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा, एसडीएम पिपरिया आकिप खान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय से संबंधित निर्माण और सुधार कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का भी विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
