मध्यप्रदेश में नौतपा की शुरुआत भले ही आंधी और बूंदाबांदी के साथ हुई हो, लेकिन गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के 16 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 28 मई से अगले तीन दिनों तक कई जिलों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है। इस दौरान तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
खजुराहो और नौगांव बने सबसे गर्म शहर
मंगलवार को खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नौगांव में पारा 45.6 डिग्री तक पहुंच गया।
इसके अलावा दतिया में 45.2 डिग्री, दमोह, सतना और टीकमगढ़ में 45 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। रीवा में 44.8 डिग्री और राजगढ़ में 44.6 डिग्री तापमान ने लोगों को बेहाल कर दिया।
प्रदेश के कई अन्य शहरों जैसे ग्वालियर, श्योपुर, गुना, नरसिंहपुर, सागर, मंडला, मुरैना और रायसेन में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास पहुंच गया।
बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 44.1 डिग्री दर्ज हुआ। भोपाल में 43.2 डिग्री, जबलपुर में 43.9 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
नौतपा में मौसम बदलना नया नहीं
विशेषज्ञों के अनुसार नौतपा के दौरान बारिश या बूंदाबांदी होना कोई नई बात नहीं है। पिछले 14 वर्षों में 7 बार नौतपा के दौरान बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि 2 बार हल्की बूंदाबांदी हुई थी। हालांकि वर्ष 2018 और 2019 में नौतपा के दौरान रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ी थी और औसत तापमान 43 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था।
कई जिलों में लू और तीव्र लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए लू और तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है।
रेड अलर्ट: निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा।
ऑरेंज अलर्ट: ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, सीधी, सिंगरौली, मंडला और बालाघाट समेत 19 जिले।
येलो अलर्ट: भोपाल, उज्जैन, विदिशा, रायसेन, सीहोर, देवास, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर सहित 22 जिले।
इधर इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, हरदा और नर्मदापुरम में भी तेज गर्मी का असर बना हुआ है।
दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलें, पर्याप्त पानी पीते रहें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।