माखननगर की 64 ग्राम पंचायतों में हुई ग्रामसभाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के आवास प्लस-2024 सर्वे का हुआ सत्यापन

ड्राफ्ट स्थायी प्रतीक्षा सूची का ग्रामसभा में परीक्षण, पात्र हितग्राहियों के चयन की प्रक्रिया को बनाया गया पारदर्शी

नर्मदापुरम। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस-2024 सर्वे की प्रारूप स्थायी प्रतीक्षा सूची (ड्राफ्ट पीडब्ल्यूएल) के अंतिमकरण की दिशा में जनपद पंचायत माखननगर की सभी 64 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को ग्रामसभाओं का आयोजन किया गया। इन ग्रामसभाओं में सर्वे के आधार पर तैयार की गई सूची का परीक्षण एवं सत्यापन कर पात्र हितग्राहियों के नामों का सत्यापन किया गया।

यह पूरी प्रक्रिया ग्रामीण विकास आयुक्त कार्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संपन्न हुई। ग्रामसभाओं का आयोजन मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम, 1993 की धारा-6, मध्यप्रदेश ग्रामसभा (सम्मिलन की प्रक्रिया) नियम, 2001 तथा मध्यप्रदेश पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत किया गया।

ग्रामसभाओं में शासन द्वारा निर्धारित एजेंडे के अनुसार आवास प्लस-2024 सर्वे से तैयार प्रारूप स्थायी प्रतीक्षा सूची का बिंदुवार परीक्षण किया गया। सूची में शामिल हितग्राहियों की पात्रता पर ग्रामीणों की उपस्थिति में चर्चा कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई, जिससे योजना का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंच सके।

प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक ग्रामसभा में शिक्षा विभाग और कृषि विभाग के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। वहीं, संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों को कार्यवाही का लिपिबद्धकर्ता बनाया गया, जिन्होंने ग्रामसभा की पूरी कार्यवाही का रिकॉर्ड तैयार किया।

प्रशासन का कहना है कि ग्रामसभा के माध्यम से किए गए इस सत्यापन से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र हितग्राहियों की अंतिम सूची अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी। इसके आधार पर पात्र परिवारों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!