
बनखेड़ी। पीएम पोषण परिषद भोपाल एवं जिला पंचायत नर्मदापुरम के निर्देशानुसार रविवार को शासकीय सांदीपनी टैगोर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बनखेड़ी में ‘पाककला अन्नपूर्णा प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का संयुक्त आयोजन जनपद पंचायत बनखेड़ी एवं जनपद शिक्षा केंद्र बनखेड़ी द्वारा किया गया, जिसमें विद्यालयों में पीएम पोषण योजना से जुड़ी कुक कम हेल्पर (रसोइया) महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के लिए 54 रसोइयों ने पंजीयन कराया था, लेकिन बारिश के कारण 44 प्रतिभागी ही शामिल हो सकीं। सभी प्रतिभागियों ने स्थानीय, पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार कर अपने-अपने स्टॉल पर आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद दर्शन सिंह चौधरी एवं विधायक ठाकुर दास नागवंशी ने फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों ने सरस्वती माता एवं अन्नपूर्णा देवी का पूजन-अर्चन किया। मंच संचालन राजेश स्वामी एवं राजकुमार पाली ने किया तथा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में विधायक ठाकुर दास नागवंशी ने कहा कि पाककला जीवन की आवश्यक कला है, जिसे हर व्यक्ति को सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन बनाने में महिलाओं की भूमिका अतुलनीय है तथा इस तरह की प्रतियोगिताएं उनकी प्रतिभा को सम्मान देने का माध्यम हैं।
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप पीएम पोषण योजना में स्थानीय, पारंपरिक एवं मिलेट्स (मोटे अनाज) से बने पौष्टिक व्यंजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं का उद्देश्य माताओं-बहनों को प्रोत्साहित करना, उनकी आर्थिक भागीदारी बढ़ाना और बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है।
निर्णायक समिति ने निर्धारित मानकों के आधार पर विजेताओं का चयन किया। प्रथम स्थान शासकीय प्राथमिक शाला दहलवाड़ा खुर्द की श्रीमती शारदा बाई ने प्राप्त किया, जिन्हें 5,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। द्वितीय स्थान शासकीय प्राथमिक शाला महंगवा की श्रीमती जिज्जा बाई एवं सांदीपनी टैगोर प्राथमिक शाला बनखेड़ी की श्रीमती देवी बाई को मिला, जिन्हें 3-3 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
तृतीय स्थान शासकीय माध्यमिक शाला गरधा की श्रीमती पुष्पा बाई, शासकीय प्राथमिक शाला पलिया पिपरिया की श्रीमती विमला बाई तथा शासकीय हाई स्कूल महुआखेड़ा खुर्द की श्रीमती रानो बाई ने प्राप्त किया। इन्हें 2-2 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं सांत्वना पुरस्कार शासकीय शिक्षा गारंटी प्राथमिक शाला मछेराकला की श्रीमती सविता बाई, शासकीय प्राथमिक शाला पठा की श्रीमती संध्या बाई एवं शासकीय प्राथमिक शाला एसबीएस बनखेड़ी की श्रीमती अनिता बाई को मिला। सभी पुरस्कार राशि जनपद पंचायत बनखेड़ी द्वारा प्रतिभागियों के बैंक खातों में सीधे जमा की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भगवती रमेश पटेल का जन्मदिन भी मंच पर केक काटकर मनाया गया। समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि संजीव मालानी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश सराठे, विभिन्न जनप्रतिनिधि, जनपद सदस्य, बीआरसीसी श्याम पटेल, बीएसी, जनशिक्षक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जनपद पंचायत बनखेड़ी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रीना कुमारिया ने अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

