
माखननगर। प्री-मानसून की पहली तेज बारिश और आंधी ने शनिवार को महज 15 मिनट में ही क्षेत्र में भारी असर दिखा दिया। तेज हवाओं और तूफानी मौसम के चलते साकेत वेयरहाउस के सामने एक विशाल शीशम का पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे माखननगर-पिपरिया मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज आंधी के साथ अचानक बारिश शुरू हुई और देखते ही देखते कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए। साकेत वेयरहाउस के सामने गिरे पेड़ ने सड़क को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया, जिसके कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र के अन्य हिस्सों से भी पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की खबरें मिल रही हैं। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन अचानक बदले मौसम ने लोगों को परेशानी में डाल दिया।
मौसम विभाग पहले ही प्रदेश में तेज आंधी और बारिश की संभावना जता चुका था। पहली ही बारिश ने प्रशासन की तैयारियों और पेड़ों की देखरेख व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि सड़कों के किनारे जर्जर और जोखिमपूर्ण पेड़ों की पहचान कर समय रहते उनकी छंटाई कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
फिलहाल प्रशासन और स्थानीय अमला मार्ग से पेड़ हटाने के प्रयास में जुटा हुआ है, ताकि यातायात जल्द से जल्द सुचारु किया जा सके।