भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की औपचारिक दस्तक से पहले ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। प्रदेशभर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिसके चलते पिछले 24 घंटों के दौरान 20 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को भी अधिकांश जिलों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊपर सक्रिय तीन चक्रवाती परिसंचरण प्रणालियों के प्रभाव से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके चलते कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, देवास, हरदा और बैतूल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
आज भी कई जिलों में बारिश और आंधी के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार भोपाल, रायसेन, राजगढ़, इंदौर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं अलीराजपुर, झाबुआ और रतलाम जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बने रहने की संभावना जताई गई है।
भोपाल में शाम को बरसे बादल, गर्मी से मिली राहत
शुक्रवार शाम राजधानी भोपाल के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। अचानक बदले मौसम ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। लगातार हो रही बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।
पचमढ़ी से भी ठंडा रहा श्योपुर
बारिश और बादलों के प्रभाव से श्योपुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पचमढ़ी में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके अलावा गुना में 35.4 डिग्री, सिवनी में 36 डिग्री, रतलाम में 36.2 डिग्री, राजगढ़ में 36.4 डिग्री तथा बैतूल में 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दूसरी ओर खरगोन, नरसिंहपुर, खजुराहो, खंडवा और छिंदवाड़ा जैसे जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में इंदौर का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री, उज्जैन 35 डिग्री, भोपाल 35.5 डिग्री, ग्वालियर 37.9 डिग्री तथा जबलपुर 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
20 जून के बाद मानसून की दस्तक संभव
मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष मध्य प्रदेश में मानसून सामान्य तिथि की तुलना में कुछ दिन देरी से पहुंच सकता है। प्रदेश में मानसून के प्रवेश की सामान्य तिथि 15 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार इसके 20 से 22 जून के बीच दस्तक देने की संभावना व्यक्त की गई है।
गौरतलब है कि मानसून 4 जून को केरल पहुंच चुका है और सामान्य परिस्थितियों में केरल पहुंचने के लगभग 15 दिन बाद मध्य प्रदेश में इसकी एंट्री होती है। ऐसे में अगले दो सप्ताह तक प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने और आंधी-बारिश का दौर बने रहने की संभावना है।