मूंग फसल संकट के बीच बिजली व्यवस्था पर फूटा गुस्सा: किसान संघ करेगा सब स्टेशन का घेराव

माखननगर। तहसील माखननगर में विद्युत अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। भारतीय किसान संघ ने आज दोपहर 1:00 बजे सेमरी हरचंद विद्युत सब स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन और घेराव का ऐलान किया है। यह आंदोलन तहसील भर में बिगड़ी बिजली व्यवस्था के विरोध में किया जा रहा है।


तहसील अध्यक्ष राजेश दीवान और तहसील मंत्री गोपाल मीणा ने बताया कि लंबे समय से शासन और विद्युत मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायतें और आवेदन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। किसानों का आरोप है कि राज्य सरकार द्वारा घोषित 10 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा पूरी तरह फेल साबित हो रहा है, और किसी भी फीडर पर नियमित बिजली नहीं मिल पा रही।


मूंग फसल पर संकट


किसानों के अनुसार इस समय मूंग की फसल का महत्वपूर्ण चरण चल रहा है, जो लगभग 60 दिनों की होती है। यदि समय पर सिंचाई नहीं हुई, तो फसल बर्बाद होने का खतरा बढ़ जाएगा। इसके अलावा आने वाले वर्षा सीजन में भी नुकसान झेलना पड़ सकता है।


ट्रांसफार्मर जले, लाइनें बदहाल


ग्रामीण क्षेत्रों में कई ट्रांसफार्मर जले पड़े हैं, जिन्हें समय पर बदला नहीं जा रहा। वहीं, बिजली लाइनों का रखरखाव भी बेहद खराब है। किसानों का कहना है कि किसी भी फीडर पर 2–3 घंटे से ज्यादा लगातार बिजली नहीं मिलती, और बार-बार फॉल्ट होने से हालात और बिगड़ रहे हैं।


प्रशासन को चेतावनी


किसान संघ ने सोहागपुर डिवीजन के उप महाप्रबंधक को भी आंदोलन की सूचना दे दी है और उनकी उपस्थिति में समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी समस्याओं का ठोस निराकरण नहीं हुआ, तो किसानों के साथ मिलकर और बड़ा एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा।


संघ ने क्षेत्र के सभी किसानों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!