
कांग्रेस विधायक अर्जुन सिंह काकोड़िया
– फोटो : सोशल मीडिया
सिवनी की बरघाट विधानसभा से कांग्रेस विधायक अर्जुन सिंह काकोड़िया का विश्व आदिवासी दिवस पर भारत को हिंदू राष्ट्र बनाये जाने को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। विधायक अपने बयानों में भारत को हिन्दू राष्ट्र बनने का मुखर होकर विरोध करने के साथ ही भारत को हिन्दू राष्ट्र न बनने देने की बात कहते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बुधवार को सिवनी में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रानी दुर्गावती प्रतिमा स्थल पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बरघाट विधायक शामिल हुए थे। विधायक ने कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत आदिवासियो का देश है और वह भारत देश को हिंदू राष्ट्र नहीं बनने देंगे। विधायक के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल विधायक के इस बयान को आगमी विधानसभा चुनाव में आदिवासी समाज को साधने के लिहाज से दिए गए राजनैतिक बयान के रूप में देखा जा रहा है। विधायक के बयान पर फिलहाल किसी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।