Satna में सोमवार रात एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सतना-अमरपाटन बाईपास स्थित Vidya Shri Tel Evam Rice Mill में अचानक लगी भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। हादसे में एक कर्मचारी जिंदा जल गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सतना-अमरपाटन मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
रात 8 बजे अचानक भड़की आग
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात करीब 8 बजे राइस ब्रान ऑयल यूनिट में अचानक आग लग गई। मिल में धान की भूसी यानी कना से तेल निकालने का काम किया जाता है। आग लगते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते आग ने पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर काम कर रहे कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
अंदर फंसे दो कर्मचारी, एक की मौत
घटना के समय मिल के भीतर मशीन ऑपरेटर दिलावर सिंह और कर्मचारी मुन्नू केवट मौजूद थे। आग लगने के बाद दोनों अंदर फंस गए। बताया जा रहा है कि मुन्नू केवट किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं 45 वर्षीय दिलावर सिंह पिता गोपाल सिंह आग के बीच बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही जिंदा जल गए। बताया जा रहा है कि आग इतनी भयावह थी कि उनका शव पूरी तरह झुलस गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
ये भी पढ़ें- भोपाल में ट्विशा शर्मा मौत मामला: मां और बहन संग चैट वायरल, परिवार ने लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप