ई-ऑफिस प्रणाली के सफल क्रियान्वयन में नर्मदापुरम जिला प्रदेश में द्वितीय स्थान पर

नर्मदापुरम | प्रदेश में शासकीय कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली को लागू करने और उसके प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में नर्मदापुरम जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस नवाचारपूर्ण पहल के तहत नर्मदापुरम जिला प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान पर रहा है।


जिला सूचना अधिकारी श्री मनीष गुणवान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिले में अब तक 21,882 से अधिक ई-फाइलों का सृजन किया जा चुका है, जबकि 1,12,359 से अधिक ई-फाइलों का आदान-प्रदान विभिन्न प्रमुख शासकीय कार्यालयों के बीच किया गया है। इसके अतिरिक्त 51,629 ई-रिसिप्ट सृजित किए गए हैं तथा 3,33,568 ई-रिसिप्ट का आदान-प्रदान किया जा चुका है।


ई-ऑफिस प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में जिले के 51 शासकीय कार्यालय पूर्ण रूप से ऑनबोर्ड हो चुके हैं। साथ ही 22 विकासखंड स्तरीय कार्यालय एवं कलेक्टर कार्यालय के 38 अनुभाग भी इस प्रणाली से जोड़े गए हैं। इस प्रकार कुल 111 यूनिट को ई-ऑफिस प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्ड किया गया है। वहीं, 1061 अधिकारी-कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली में पंजीकृत किया गया है।


उल्लेखनीय है कि कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशानुसार जिले के समस्त प्रमुख शासकीय कार्यालयों का संचालन ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। अब जिले की तहसीलों, अनुविभागीय कार्यालयों एवं जनपद पंचायत कार्यालयों में भी कार्यालयीन कार्य पूरी तरह ई-ऑफिस प्रणाली से संपादित हो रहे हैं।


ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन से कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, त्वरित निर्णय प्रक्रिया एवं कार्यकुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का तेज, प्रभावी और जवाबदेह क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सका है।


जिले की यह उपलब्धि डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!