Mp Weather Today: मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज,11 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 44 जिलों में बढ़ेगी गर्मी

मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक ओर ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी लोगों को परेशान करेगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को 11 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के प्रभाव से प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। कई जिलों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश का दौर जारी है।

इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना

मौसम विभाग ने गुरुवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

यह भी पढ़ें-Bhopal News:भोपाल नगर निगम का नया ‘अटल भवन’ आज से शुरू, एक ही जगह मिलेंगी सभी सुविधाएं

44 जिलों में बढ़ेगा तापमान

बारिश वाले इलाकों को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ने के संकेत हैं। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर समेत 44 जिलों में दिन का तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, नर्मदापुरम, रतलाम, नीमच और मंदसौर में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना जताई है।

अगले चार दिन मौसम रहेगा अस्थिर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। अगले दो दिनों में कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन 9 और 10 मई से गर्मी का असर अधिक बढ़ने की संभावना है। इसके बाद 10 मई से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिसका असर अगले दो दिनों में देखने को मिलेगा।

यह भी पढ़ें-Ujjain News: नर्मदा पाइप लाइन की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन, 15 दिन में समाधान नहीं तो भूख हड़ताल की चेतावनी

लगातार सातवें दिन बदला मौसम

प्रदेश में बुधवार को लगातार सातवें दिन भी कहीं आंधी तो कहीं बारिश का दौर बना रहा। धार समेत कई जिलों में मौसम बदला हुआ नजर आया। मई की शुरुआत में लगातार हो रही बारिश से फिलहाल लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है और अधिकांश शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।

मौसम बदलने की यह है वजह

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, वर्तमान में प्रदेश के मध्य और ऊपरी हिस्से में दो चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इसके साथ ही पूर्वी हिस्से से एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इन तीनों मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में आंधी, बादल और बारिश की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!