घट्टिया विधानसभा क्षेत्र में नर्मदा पाइप लाइन योजना से वंचित किसानों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। करणी सेना के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान किसान तख्तियां और बैनर लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के बाद किसानों ने एसडीएम राजाराम करजरे को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
60 से अधिक गांवों में जल संकट
किसानों का कहना है कि क्षेत्र के लगभग 60 से 65 गांव आज भी नर्मदा पाइप लाइन योजना से वंचित हैं, जिसके कारण उन्हें गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के अनुसार लगातार गिरते भूजल स्तर से खेती करना कठिन होता जा रहा है और सिंचाई के अभाव में फसलें प्रभावित हो रही हैं।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि पानी की समस्या के कारण किसान आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें: Indore News:इंदौर में गहराया जल संकट: सूख रहे बोरिंग, अब रेन वाटर हार्वेस्टिंग होगी अनिवार्य
25 मई से भूख हड़ताल की चेतावनी
आंदोलन कर रहे किसानों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर नर्मदा पाइप लाइन को मंजूरी देकर कार्य शुरू नहीं किया गया, तो 25 मई से 60-65 गांवों के किसान अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
किसानों ने स्पष्ट कहा कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर समाधान चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग
एसडीएम राजाराम करजरे ने किसानों का ज्ञापन स्वीकार करते हुए उनकी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से मोहन यादव से मांग की है कि जल्द से जल्द नर्मदा पाइप लाइन योजना को स्वीकृति देकर कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई और पेयजल संकट से राहत मिल सके।