10 दिन बाद खत्म हुआ गनेरा आंदोलन, प्रशासन के आश्वासन पर माने ग्रामीण
एसडीएम जय सोलंकी ने जूस पिलाकर तुड़वाया आमरण अनशन, शराब दुकान स्थानांतरण का दिया आश्वासन

ग्राम गनेरा में आमरण अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाते एसडीएम जय सोलंकी

नर्मदापुरम। माखननगर विकासखंड के ग्राम गनेरा में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर पिछले 10 दिनों से जारी ग्रामीणों का आंदोलन शुक्रवार देर रात प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। आंदोलन के दौरान ग्रामीणों द्वारा आमरण अनशन और चक्काजाम किए जाने से क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी।


मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जय सोलंकी देर रात धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी मांगों को गंभीरता से सुना तथा प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।


चर्चा के बाद एसडीएम जय सोलंकी ने ग्राम सरपंच कृष्ण कुमार झा सहित आमरण अनशन पर बैठे ग्रामीणों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया। इस दौरान तहसीलदार श्रद्धा गोस्वामी सहित प्रशासनिक अमला भी मौजूद रहा।


एसडीएम जय सोलंकी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आगामी वित्तीय वर्ष 2027-28 की आबकारी नीति के तहत ग्राम गनेरा स्थित शराब दुकान को गांव से बाहर किसी आपत्तिरहित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने का प्रस्ताव जिला निष्पादन समिति के समक्ष रखा जाएगा।

प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त करने की घोषणा कर दी।


गौरतलब है कि गांव में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीण, महिलाएं और युवा पिछले 10 दिनों से लगातार आंदोलनरत थे। आंदोलन के दौरान कई बार प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया था। अंततः प्रशासन के आश्वासन के बाद आंदोलन का पटाक्षेप हो गया।


ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन अपने वादे के अनुरूप कार्रवाई करेगा और गांव से शराब दुकान को हटाने की उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!