शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की है।
तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि मध्यग्राम में चंद्रनाथ रथ की “निर्मम हत्या” बेहद चिंताजनक है। पार्टी ने दावा किया कि पिछले तीन दिनों में पोस्ट-पोल हिंसा के दौरान तीन अन्य तृणमूल कार्यकर्ताओं की भी हत्या हुई है, जिनके पीछे भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों का हाथ है।
पार्टी ने आरोप लगाया कि ये घटनाएं उस समय हो रही हैं जब आदर्श आचार संहिता लागू है, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
टीएमसी ने उठाई सीबीआई जांच की मांग
तृणमूल कांग्रेस ने पूरे मामले की कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सजा दिलाई जानी चाहिए। पार्टी ने अपने बयान में कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं के लिए कोई स्थान नहीं है तथा दोषियों को जवाबदेह ठहराना आवश्यक है।
गोली मारकर की गई हत्या
जानकारी के अनुसार, मध्यग्राम के दोहारिया इलाके में बुधवार रात अज्ञात हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की कार का पीछा किया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, चार राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से तीन गोलियां उनके सिर में लगीं।
गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
अस्पताल पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता
घटना की सूचना मिलते ही शुभेंदु अधिकारी, सुकांता मजूमदार समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात कर जांच शुरू कर दी है।