गर्मियों में फ्रिज इस्तेमाल करते समय बरतें सावधानी, गलत स्टोरेज से बढ़ सकता है फूड पॉइजनिंग का खतरा

देशभर में भीषण गर्मी के बीच लोग खाने-पीने की चीजों को सुरक्षित रखने के लिए फ्रिज का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि केवल खाना फ्रिज में रख देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सही तरीके से स्टोर करना भी बेहद जरूरी है। गलत तरीके से रखा गया खाना फूड पॉइजनिंग और बैक्टीरियल संक्रमण का कारण बन सकता है।

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि गर्मियों में फ्रिज के अंदर कच्चे और पके हुए खाने को एक साथ रखने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। संस्था ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर लोगों को सही फूड स्टोरेज के प्रति जागरूक किया।

एफएसएसएआई के अनुसार अधिकतर लोग कच्चा मांस, चिकन, मछली या सीफूड को फल, सब्जियों और पके हुए भोजन के साथ रख देते हैं। कच्चे मांस से निकलने वाला तरल पदार्थ अन्य खाद्य पदार्थों पर गिरकर बैक्टीरिया फैला सकता है। इस प्रक्रिया को “क्रॉस-कंटामिनेशन” कहा जाता है, जो फूड पॉइजनिंग की बड़ी वजह बन सकती है।

विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि कच्चे मांस और सीफूड को हमेशा बंद कंटेनर में रखें और फ्रिज की निचली शेल्फ पर स्टोर करें। वहीं पका हुआ भोजन या खाने योग्य सामग्री को ऊपर की शेल्फ में रखा जाए। बाजार से सामान लाते समय मांस और सब्जियों के लिए अलग-अलग बैग का उपयोग करना भी जरूरी बताया गया है।

एफएसएसएआई ने यह भी कहा कि फ्रिज का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे बनाए रखना चाहिए और रेफ्रिजरेटर की नियमित सफाई करनी चाहिए, ताकि बैक्टीरिया पनपने की संभावना कम हो सके।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि गर्मियों में थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में सही फूड स्टोरेज आदतें अपनाकर फूड पॉइजनिंग और संक्रमण से बचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!