
नर्मदापुरम | जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने गुरुवार को इटारसी और माखननगर क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा करीब 400 घनमीटर अवैध रेत जप्त की।
खनिज विभाग की टीम ने तहसील इटारसी के ग्राम रामपुरगुर्रा में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी। वाहन को जप्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
वहीं तहसील माखननगर के ग्राम मनवाड़ा में निरीक्षण के दौरान लगभग 400 घनमीटर रेत का अवैध भंडारण पाया गया। विभाग ने पूरी रेत को जप्त कर सुरक्षित रूप से तहसील परिसर में रखवा दिया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित अवैध उत्खननकर्ता एवं परिवहनकर्ता के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन, परिवहन या भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

