मजार में तोड़फोड़ करने वाला निकला शातिर, पहले से दर्ज हैं 24 अपराध

माखननगर। बागरातवा स्थित हजरत गौरी शाह बादशाह की मजार में हुई तोड़फोड़ की घटना का माखननगर पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब के लिए पैसे तलाशने की नीयत से मजार में प्रवेश किया था। जब उसे वहां कोई नकदी नहीं मिली तो उसने गुस्से में आकर रेलिंग तोड़ दी, धार्मिक सामग्री को क्षतिग्रस्त कर दिया और बैटरी चोरी करने का भी प्रयास किया।


पुलिस के मुताबिक 5 जुलाई को सेमरी हरचंद निवासी सलीम शाह ने माखननगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात व्यक्ति ने हजरत गौरी शाह बादशाह की मजार की रेलिंग तोड़ दी, चादर, कुरान शरीफ सहित अन्य धार्मिक सामग्री को इधर-उधर फेंक दिया और परिसर में रखे सामान के साथ तोड़फोड़ की।


घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साईकृष्णा एस. थोटा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन तथा एसडीओपी सोहागपुर संजू चौहान के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर अमजद उर्फ गोंगा (35) निवासी टांडा मोहल्ला, माखननगर को हिरासत में लिया।


पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार अमजद शराब पीने का आदी है और आर्थिक तंगी के कारण मजार में पैसे मिलने की उम्मीद से पहुंचा था। जब वहां उसे कोई रकम नहीं मिली तो उसने गुस्से में रेलिंग तोड़ दी, धार्मिक सामग्री को नुकसान पहुंचाया तथा बैटरी चोरी करने का प्रयास किया।


पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व से 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं।


इस कार्रवाई में एसडीओपी संजू चौहान, थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर सहित माखननगर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!