₹30 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा गया पटवारी, लोकायुक्त भोपाल की बड़ी कार्रवाई

विदिशा/नटेरन, 9 जुलाई। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त भोपाल ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नटेरन तहसील के पटवारी संदीप यादव को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रमेन्द्र धाकड़, निवासी नटेरन, ने 6 जुलाई को पुलिस अधीक्षक, विशेष पुलिस स्थापना (लोकायुक्त), भोपाल से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पारिवारिक भूमि के बंटवारा, नामांतरण और फौती संबंधी प्रकरण में कार्रवाई करने के बदले पटवारी संदीप यादव 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त भोपाल की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई।

गुरुवार 9 जुलाई को निरीक्षक घनश्याम सिंह मर्सकोले के नेतृत्व में लोकायुक्त की टीम ने नटेरन तहसील कार्यालय के पीछे स्थित आरोपी के निजी कार्यालय में कार्रवाई की। शिकायतकर्ता से जैसे ही आरोपी ने 30 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया।

आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम, 2018) की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त भोपाल संभाग के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में शामिल टीम

दल प्रभारी निरीक्षक कविन्द्र सिंह चौहान एवं निरीक्षक रजनी तिवारी सहित प्रधान आरक्षक मुकेश पटेल तथा आरक्षक प्रसनजीत राव, चैतन्य प्रताप सिंह, मनोज कुमार मांझी, यशवंत पटेल, सतेंद्र बहादुर सिंह और रवि शर्मा ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!