शिक्षा पोर्टल 3.0 पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न, शिक्षकों को दिए व्यवहारिक दिशा-निर्देश

नर्मदापुरम। जिले में शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तकनीकी रूप से सक्षम और समयबद्ध बनाने की दिशा में जिला शिक्षा केंद्र नर्मदापुरम द्वारा शिक्षा पोर्टल 3.0 पर जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जिले के सभी विकासखंडों के एमआईएस प्रभारी एवं ऑपरेटरों ने भाग लिया, जिन्हें पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूलों के संचालन की विस्तृत और व्यवहारिक जानकारी दी गई।


प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला परियोजना समन्वयक डॉ. राजेश जायसवाल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान प्रोग्रामर अजय मीना और मास्टर ट्रेनर संगीता चौरसिया ने प्रतिभागियों को शिक्षा पोर्टल 3.0 के विभिन्न मॉड्यूलों का चरणबद्ध प्रशिक्षण प्रदान किया।


प्रशिक्षकों ने शिक्षक प्रशिक्षण प्रबंधन, शिक्षा का अधिकार (आरटीई), निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग, गणवेश एवं साइकिल वितरण, यू-डाइस प्लस, छात्र नामांकन एवं बाल ट्रैकिंग, विद्यार्थियों के आधार अपडेट, अपार आईडी (APAAR ID) तथा पाठ्यपुस्तक वितरण जैसे महत्वपूर्ण मॉड्यूलों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रत्येक प्रक्रिया को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देश भी साझा किए गए।


प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए पोर्टल संचालन में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई, ताकि विकासखंड स्तर पर कार्यों के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कठिनाई न आए।


कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला शिक्षा केंद्र ने सभी प्रतिभागियों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव को अपने-अपने विकासखंडों में प्रभावी ढंग से लागू करें। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि शिक्षा पोर्टल 3.0 के प्रभावी उपयोग से विद्यालयों में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी, सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ अधिक तेजी और दक्षता के साथ मिल सकेगा।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!