भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने सौंपा ज्ञापन

नर्मदापुरम। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ, मध्य प्रदेश के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रदेशभर की तहसीलों में भारत-अमेरिका संभावित ट्रेड डील के विरोध में भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसी क्रम में नर्मदापुरम जिले की सभी तहसीलों में भी महासंघ के पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन प्रस्तुत किया।

महासंघ के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि भारत-अमेरिका ट्रेड डील वर्तमान स्वरूप में लागू होती है, तो इसका सबसे अधिक प्रभाव देश के किसानों पर पड़ेगा। उनका आरोप है कि विदेशी कृषि उत्पादों के आयात में बढ़ोतरी होने से भारतीय किसानों द्वारा उत्पादित अनाज एवं अन्य कृषि उपज के बाजार भाव प्रभावित होंगे, जिससे किसानों की आय में कमी आएगी और वे आर्थिक संकट का सामना करने को मजबूर हो सकते हैं।

ज्ञापन के माध्यम से महासंघ ने राष्ट्रपति से मांग की कि किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी ऐसे व्यापारिक समझौते पर पुनर्विचार किया जाए, जिससे भारतीय कृषि और किसानों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका हो।

महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा। प्रदेशव्यापी अभियान के तहत मध्य प्रदेश की सभी तहसीलों में एक साथ ज्ञापन सौंपकर सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!