
माखननगर। जनपद पंचायत माखननगर अंतर्गत ग्राम पंचायत बागलखेड़ी में निर्माणाधीन आरसीसी नाली के कार्य में बाधा उत्पन्न होने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत ने इस संबंध में प्रशासन को लिखित शिकायत भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्राम पंचायत द्वारा 6 जून 2026 को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि गांव में दुर्गा मंदिर से सुखराम यादव के खेत की ओर आरसीसी नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पंचायत का आरोप है कि गांव के व्यक्ति मदनलाल अहिरवार द्वारा निर्माण कार्य में व्यवधान उत्पन्न कर नाली की खुदाई और निर्माण कार्य रुकवाया जा रहा है, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है।
पंचायत के अनुसार नाली निर्माण अधूरा रहने से बरसात के दिनों में जल निकासी की समस्या बढ़ सकती है। वर्तमान में भी सड़क पर पानी भरने की स्थिति बन रही है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत ने थाना प्रभारी माखननगर सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भेजकर उचित कार्रवाई करने और निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पुनः प्रारंभ कराने की मांग की है।
वहीं पंचायत द्वारा एक पंचनामा भी तैयार किया गया है, जिसमें ग्राम के पंचों एवं ग्रामीणों ने नाली निर्माण कार्य में आ रही बाधा का उल्लेख करते हुए प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और निर्माण कार्य कब तक पुनः शुरू हो पाता है।