
माखननगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय माखननगर में पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक खेती विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पर्यावरण संरक्षण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा मिट्टी एवं जल संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में भोपाल से आए डॉ. अशोक खंडेल, डायरेक्टर भूमि फॉर टेक्नोलॉजी वेंचर्स फॉर रिसर्च एंड डेवलपमेंट, समाजसेवी एवं प्रकृति प्रेमी डॉ. संजेश मीणा तथा प्रगतिशील जैविक कृषक अनिरुद्ध चावरा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े विश्व पर्यावरण दिवस:वृक्षारोपण का मौसम प्रकृति से तय होता है, कैलेंडर से नहीं
कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. संजेश मीणा ने प्रकृति के संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि मानव को प्रकृति का शोषण नहीं बल्कि संरक्षण करना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।
डॉ. अशोक खंडेल ने मिट्टी, जल और रसायन रहित खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाकर पर्यावरण प्रदूषण को कम किया जा सकता है। उन्होंने किसानों को पराली नहीं जलाने की सलाह देते हुए बताया कि उनकी संस्था पराली को उचित मूल्य पर खरीदती है, जिससे किसानों को अतिरिक्त लाभ के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।
प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने वाले कृषक अनिरुद्ध चावरा ने स्लाइड प्रस्तुति के माध्यम से प्राकृतिक खेती की अवधारणा, भूमि की उर्वरक क्षमता बढ़ाने के उपाय तथा रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जैविक खेती से अच्छी पैदावार प्राप्त करने के साथ-साथ भूमि की गुणवत्ता को भी लंबे समय तक बनाए रखा जा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीष शर्मा ने किया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं एनसीसी कैडेट्स द्वारा पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय के प्रभारी प्रचार अजय मेहरा ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों एवं वक्ताओं द्वारा पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में डॉ. कविता दुबे, डॉ. सुमन अवस्थी, श्रीमती सुषमा यादव, सुश्री शिवानी मालवीय, अमित तिवारी, रामविलास मेहर, अशोक मेहर, मंजेश पचलिया सहित महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी डॉ. राजकुमार पटवा ने बताया कि रंगोली, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों और विजेताओं को आगामी कार्यक्रम में पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। अंत में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आकांक्षा यादव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।