लाइफस्टाइल डेस्क। बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बढ़ती शिकायतों के बीच अब लोग शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक विकल्पों की तलाश कर रहे हैं। फल, सब्जियों से लेकर खाद्य तेलों तक में मिलावट की आशंका के चलते कई लोग घर पर ही खाद्य सामग्री तैयार करने की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में प्रसिद्ध सेलिब्रिटी शेफ ने घर पर शुद्ध मूंगफली का तेल बनाने का एक आसान तरीका साझा किया है।
शेफ के अनुसार इस प्रक्रिया में थोड़ा समय और मेहनत जरूर लगती है, लेकिन इसके बदले में आपको बिना किसी मिलावट वाला शुद्ध मूंगफली का तेल प्राप्त होता है। खास बात यह है कि इसके लिए किसी विशेष मशीन या तेल निकालने वाले उपकरण की आवश्यकता नहीं होती।
ऐसे बनाएं घर पर मूंगफली का तेल
1. मूंगफली को हल्का भूनें
सबसे पहले मूंगफली को धीमी आंच पर हल्का भून लें। जब छिलका सुनहरा होने लगे और आसानी से अलग होने लगे, तब गैस बंद कर दें।
2. छिलका हटाकर पीसें
मूंगफली को ठंडा होने दें और कपड़े से रगड़कर उसके छिलके निकाल लें। इसके बाद मिक्सर में पल्स मोड पर थोड़ी-थोड़ी देर के लिए पीसें। लगातार ज्यादा देर तक पीसने से बचें।
3. पेस्ट तैयार करें
पीसने के बाद मूंगफली पहले चूरे और फिर गाढ़े पेस्ट का रूप ले लेगी। इस पेस्ट को एक ट्रे या बर्तन में निकालकर आटे की तरह गूंथ लें।
4. गर्म पानी मिलाकर दबाएं
अब इस मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा गर्म पानी मिलाते हुए लगातार दबाएं और गूंथते रहें। कुछ समय बाद मूंगफली का तेल अलग होकर बाहर निकलने लगेगा।
5. तेल को छानकर करें स्टोर
निकले हुए तेल को छानकर कांच की बोतल में भर लें।
इसे 2 से 3 घंटे तक स्थिर रहने दें और फिर मलमल के कपड़े से दोबारा छान लें। इससे तेल में मौजूद तलछट और अशुद्धियां अलग हो जाएंगी। इस तेल को ठंडी और सूखी जगह पर लगभग तीन महीने तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
मूंगफली का बचा हुआ चूरा भी है उपयोगी
घर पर तेल बनाने की इस प्रक्रिया में कुछ भी बेकार नहीं जाता। तेल निकालने के बाद बचा हुआ मूंगफली का चूरा प्रोटीन से भरपूर होता है। इसका उपयोग मूंगफली के लड्डू, बर्गर पैटी, हेल्दी स्नैक्स या आटे में मिलाकर पौष्टिक पराठे बनाने में किया जा सकता है।
शुद्धता के साथ सेहत का भी लाभ
विशेषज्ञों का मानना है कि घर पर तैयार किया गया तेल मिलावट के जोखिम को कम करता है और उपभोक्ताओं को गुणवत्ता पर बेहतर नियंत्रण देता है। हालांकि, तेल को स्वच्छता के साथ तैयार करना और सही तरीके से संग्रहित करना बेहद जरूरी है, ताकि उसकी गुणवत्ता और स्वाद लंबे समय तक बरकरार रहे।
यदि आप बाजार में मिलने वाले तेल की शुद्धता को लेकर चिंतित हैं, तो यह घरेलू तरीका आपके लिए एक बेहतर और स्वास्थ्यवर्धक विकल्प साबित हो सकता है।