वाइन शॉप हटाने की मांग तेज, ग्रामीणों ने आमरण अनशन की दी चेतावनी

माखननगर। ग्राम पंचायत गनेरा में संचालित वाइन शॉप को हटाने की मांग अब आंदोलन का रूप लेती जा रही है। ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर वाइन शॉप नहीं हटाई गई तो 28 मई से गनेरा बस स्टैंड पर आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।


इस संबंध में ग्राम पंचायत गनेरा की ओर से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नर्मदापुरम को ज्ञापन सौंपा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में संचालित वाइन शॉप धार्मिक स्थल, स्कूल और आबादी क्षेत्र के बेहद नजदीक संचालित की जा रही है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।


ज्ञापन में बताया गया है कि वाइन शॉप माँ नर्मदा नदी चौकीघाट से 5 किलोमीटर से कम दूरी पर स्थित है। वहीं प्राचीन माँ नर्मदा मंदिर एवं श्री हनुमान मंदिर से लगभग 40 मीटर की दूरी पर शराब दुकान संचालित हो रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शासकीय आदर्श स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने दुकान संचालित होने से विद्यार्थियों पर गलत प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामवासियों का कहना है कि 19 मई 2026 से लगातार शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में आक्रोश और निराशा बढ़ती जा रही है।


सरपंच कृष्ण कुमार झा ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक दायरे में किया जाएगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग भी किया जाएगा।
आमरण अनशन में सरपंच कृष्ण कुमार झा, जनपद सदस्य लालचंद यादव, उपसरपंच लक्ष्मीनारायण यादव सहित कई ग्रामीण शामिल होंगे।


ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनभावनाओं, धार्मिक आस्था और विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए वाइन शॉप को नर्मदा नदी चौकीघाट से 5 किलोमीटर दूर अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!