
माखननगर। बदलते दौर में केवल किताबी शिक्षा ही नहीं, बल्कि तकनीकी और रोजगारपरक कौशल भी विद्यार्थियों के भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुके हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माखननगर में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत आईटी एवं हेल्थ केयर ट्रेड के विद्यार्थियों के लिए “ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT)” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 5 मई से 30 मई तक संचालित होगा।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान, व्यवसायिक व्यवहार, कार्यस्थल अनुशासन तथा कौशल आधारित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। आईटी ट्रेड के विद्यार्थियों को कंप्यूटर तकनीक, डिजिटल कार्यप्रणाली एवं आधुनिक तकनीकी उपयोग से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है, वहीं हेल्थ केयर ट्रेड के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं, प्राथमिक उपचार, मरीज देखभाल तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया जा रहा है।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को केवल परीक्षा तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें भविष्य के रोजगार एवं करियर के लिए भी तैयार करते हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, कार्यकुशलता और व्यावसायिक समझ विकसित हो रही है।
यह कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रीति झा के निर्देशन तथा व्यवसायिक शिक्षिकाएं ज्योति चंद्रवंशी एवं रश्मि अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर व्यवहारिक जानकारी भी प्रदान की जा रही है।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास को विशेष महत्व दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ रोजगार के अवसरों के लिए भी तैयार हो सकें। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है, जिससे उनमें नए कौशल सीखने के प्रति उत्साह बढ़ा है।