Neet पेपर लीक:नीट पेपर लीक मामले पर भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन, मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार को घेरा

नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के मुद्दे को लेकर शनिवार को राजधानी भोपाल में मध्यप्रदेश कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टीन शेड से रोशनपुरा चौराहे तक मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के खिलाफ विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “पेपर लीक बंद करो”, “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” और “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए। बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और छात्र भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

“पेपर लीक से युवाओं का भरोसा टूट रहा”

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि लगातार भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियां सामने आने से युवाओं का विश्वास टूटता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में विफल रही है।

उन्होंने कहा कि लाखों छात्र वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके सपनों और भविष्य पर सीधा प्रहार कर रही हैं। पटवारी ने सरकार से परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही तय करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें-दिनभर नहीं लग पाता काम में मन? सुबह की ये आदतें बढ़ा सकती हैं आपका फोकस

“परीक्षा रद्द होने से छात्रों पर मानसिक दबाव”

कांग्रेस नेता दीप्ति सिंह ने कहा कि परीक्षा रद्द होने का सीधा मानसिक असर छात्रों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई छात्र तनाव और असमंजस की स्थिति में हैं, लेकिन अब तक परीक्षा एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है और लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

23 लाख छात्रों पर पड़ा असर

गौरतलब है कि NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 23 लाख छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक की शिकायतों के बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया। बाद में परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं की गई, तो पार्टी आगे भी राज्यभर में आंदोलन जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!