Madhya Pradesh News:जंगल में मिला 15 वर्षीय किशोर का खून से सना शव, हत्या की आशंका से दहला मानपुर क्षेत्र

Umaria जिले के Manpur थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। 14 मई से लापता चल रहे किशोर मयंक चौधरी का शव रविवार को सारनिया के जंगल में खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। शुरुआती परिस्थितियां हत्या की ओर इशारा कर रही हैं, हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

14 मई की शाम से था लापता

जानकारी के अनुसार मयंक चौधरी मूल रूप से Katni जिले के लालनगर कैमोर का निवासी था। वह कुछ दिन पहले अपने रिश्तेदारों के यहां मानपुर घूमने आया हुआ था। परिजनों ने बताया कि 14 मई की शाम करीब 6:30 बजे वह अचानक घर से निकला और फिर वापस नहीं लौटा। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने मानपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

जंगल में मिला खून से सना शव

गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस और परिजन लगातार किशोर की तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच सारनिया जंगल की ओर गए कुछ ग्रामीणों ने झाड़ियों के बीच एक शव पड़ा देखा। शव के आसपास खून के निशान भी दिखाई दिए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। जब शव की पहचान कराई गई तो वह लापता किशोर मयंक चौधरी का निकला।

ये भी पढ़ें- माखननगर में विद्यार्थियों हेतु करियर जागरूकता एवं कौशल प्रशिक्षण का आयोजन

शव की हालत देखकर सहमे ग्रामीण

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। शरीर पर चोट के निशान होने की भी चर्चा है। शव की हालत देखकर ग्रामीण दहशत में आ गए। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। वहीं मयंक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हत्या की आशंका, हर पहलू पर जांच

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों के बीच हत्या कर शव जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मस्कुले ने बताया कि सारनिया जंगल से एक शव बरामद हुआ है, जो दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और चोटों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!