
नर्मदापुरम।जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से माखननगर विकासखंड के ग्राम खारदा में प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा चयनित गुरुदेव शिक्षा एवं समाज सेवा समिति (नवांकुर संस्था) एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति खारदा के संयुक्त तत्वावधान में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व नवांकुर संस्था के अध्यक्ष नीतिराजसिंह यादव ने किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर गांव की पानी की टंकी की साफ-सफाई की, खराब नलों को बदला और नालियों की सफाई कर सोखता गड्ढा तैयार किया। इस पहल से न केवल स्वच्छता को बढ़ावा मिला, बल्कि जल संरक्षण की दिशा में भी ठोस कदम उठाया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति खारदा के अध्यक्ष प्रदीप धुर्वे ने ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने जल की बढ़ती कमी और उसके महत्व को रेखांकित करते हुए सभी से पानी के समुचित उपयोग और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस मौके पर संस्था के पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिनमें सचिव अरुण धुर्वे, सूबेदार मरकाम, पवन सियाराम, संजू, संदीप, रोहित, आसाराम, संदीप कुमरे, सुजीत धुर्वे और महेश मरकाम प्रमुख रूप से शामिल रहे।