
नर्मदापुरम। जनगणना 2027 की तैयारियों के बीच नर्मदापुरम जिले में स्वगणना (Self Enumeration) प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने शुक्रवार को भारत सरकार के स्वगणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपना पंजीयन कर इस अभियान की शुरुआत का संदेश दिया।
कलेक्टर मिश्रा ने पोर्टल पर अपनी आवश्यक जानकारी दर्ज करते हुए एसई आईडी (Self Enumeration ID) प्राप्त की। इस दौरान जिला जनगणना प्रभारी सुश्री आयुषी यादव ने उन्हें प्रक्रिया से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।
कलेक्टर ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि इस बार जनगणना में स्वगणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह सुविधा 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक सक्रिय रहेगी।
उन्होंने कहा कि यह डिजिटल प्रक्रिया न केवल सरल और सुविधाजनक है, बल्कि इससे समय की बचत होती है और दर्ज की गई जानकारी अधिक सटीक रहती है। कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि स्वगणना के दौरान दिया गया डाटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा और इसका किसी अन्य उद्देश्य के लिए उपयोग नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिलेवासियों से आग्रह किया कि वे इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि जनगणना 2027 को सफल बनाया जा सके और भविष्य की विकास योजनाएं अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी रूप में तैयार की जा सकें।