Madhya Pradesh News:मैहर दर्शन जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 3 की मौत; थाना प्रभारी समेत 25 से ज्यादा घायल

Maihar के Amdara थाना क्षेत्र में National Highway 30 पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मां शारदा देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी समेत 25 से अधिक लोग घायल हो गए।

घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दर्शन यात्रा मातम में बदली

जानकारी के अनुसार Katni जिले के रीठी क्षेत्र का लोधी परिवार और उनके परिचित ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मां शारदा देवी मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। परिवार में धार्मिक यात्रा को लेकर उत्साह का माहौल था, लेकिन यह यात्रा कुछ ही घंटों में मातम में बदल गई।

बताया जा रहा है कि रात करीब 1:30 बजे जब ट्रैक्टर-ट्रॉली अमदरा थाना क्षेत्र के सुरमा मोड़ के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक भारी ट्रक ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहली टक्कर के बाद भी ट्रक चालक नहीं रुका और वाहन को भगाने की कोशिश में उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली को दो बार और टक्कर मारी।

सड़क किनारे पलटी ट्रॉली, मची चीख-पुकार

लगातार टक्करों के बाद श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। ट्रॉली में सवार लोग दूर तक सड़क पर जा गिरे और कई लोग उसके नीचे दब गए।

घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए पहुंचे और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। कई घायल खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़े मिले।

रेस्क्यू के दौरान युवक की मौत

बचाव कार्य के दौरान एक और दुखद हादसा हो गया। घायलों की मदद के लिए पहुंचे एक स्थानीय युवक को भी एक अन्य वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं ट्रॉली में सवार एक पुरुष श्रद्धालु ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल महिला रजनी लोधी को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई।

ये भी पढ़ें- सतना आग हादसा:सतना की राइस मिल में भीषण आग, कर्मचारी जिंदा जला; हादसे के बाद हाईवे जाम, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

थाना प्रभारी भी हुए घायल

घटना की सूचना मिलते ही अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वह खुद राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक अन्य अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें भी टक्कर मार दी।

हादसे में थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रक उनके पैर पर चढ़ गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए Jabalpur रेफर किया गया है।

20 से ज्यादा घायल, कई रेफर

हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही NHAI और 108 एंबुलेंस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को तत्काल कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

डॉक्टरों के अनुसार 20 से अधिक घायल अस्पताल में भर्ती किए गए हैं, जिनमें से 12 की हालत गंभीर होने पर उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

फरार ट्रक चालक की तलाश जारी

अमदरा पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर ट्रक की पहचान करने में जुटी हुई है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह भारी वाहनों के संचालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।




आधा किराया मांगने पर निजी बस कंडक्टर ने नाबालिग छात्रों को जंगल में उतारा

मैहर के बगदरा घाटी क्षेत्र की घटना, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

मैहर। चित्रकूट से बिरसिंहपुर मार्ग पर एक निजी बस कंडक्टर की अमानवीय और संवेदनहीन हरकत का गंभीर मामला सामने आया है। सीट न मिलने पर आधा किराया देने की बात कहने पर विजय ट्रेवल्स के कंडक्टर ने नाबालिग स्कूली छात्रों को बगदरा घाटी के घने और पहाड़ी जंगल क्षेत्र में जबरन उतार दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनता में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

मकर संक्रांति की छुट्टियों में घर लौट रहे थे छात्र

जानकारी के अनुसार यह घटना 13 जनवरी की है। चित्रकूट स्थित रघुनाथ मंदिर परिसर के संस्कृत विद्यालय में अध्ययनरत छात्र मकर संक्रांति की छुट्टियों के चलते अपने-अपने घर लौट रहे थे। बस में अत्यधिक भीड़ होने के कारण छात्रों को बैठने की जगह नहीं मिली। ऐसे में नियमों का हवाला देते हुए छात्रों ने कंडक्टर से आधा किराया लेने का अनुरोध किया।

बच्चों की नहीं सुनी गुहार, जंगल में उतारकर बस ले गया

छात्रों की बात सुनते ही कंडक्टर आपा खो बैठा। मानवता को दरकिनार करते हुए उसने चित्रकूट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बगदरा घाटी में बस रुकवाई और नाबालिग बच्चों को घने जंगली और जोखिम भरे इलाके में जबरन उतार दिया। डरे-सहमे बच्चे मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन कंडक्टर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए बस लेकर आगे बढ़ गया।

दूसरी बस के स्टाफ ने दिखाई मानवता

घटना के बाद बच्चों ने खुद को असुरक्षित और भयभीत महसूस किया। एक पीड़ित छात्र ने बताया कि वह इलाका जंगल और पहाड़ियों से घिरा था, जिससे वे बेहद डर गए थे। गनीमत रही कि कुछ समय बाद उसी मार्ग से गुजर रही एक अन्य बस के चालक और परिचालक की नजर बच्चों पर पड़ी। बच्चों की हालत देखकर उन्होंने उन्हें बस में बैठाया और सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया।




मैहर: जिंदा लोगों को मरा दिखाकर लाखों की सरकारी राशि हड़पने का बड़ा घोटाला उजागर

sambal-scam
sambal-scam

मैहर (सतना) — मध्य प्रदेश के सतना जिले की नागौद जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली रहिकवारा ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार (sambal-scam) की ऐसी शर्मनाक कहानी सामने आई है, जिसने पूरे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां पंचायत सचिव और पीसीओ पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी योजनाओं का पैसा हड़पने के लिए जिंदा लोगों को कागज़ों में मृत घोषित कर दिया।

फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाकर अंत्येष्टि सहायता योजना के तहत 5-5 हजार रुपए और अनुग्रह सहायता योजना से 2-2 लाख रुपए की राशि निकाल ली गई। यह पूरा मामला संबल योजना (sambal-scam) के तहत सामने आया है, जो आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों को राहत देने के लिए शुरू की गई थी।

जिंदा को “मरा” दिखाकर खाते से निकाली राशि

सूत्रों के अनुसार, यह घोटाला रहिकवारा पंचायत में योजनाबद्ध तरीके (sambal-scam) से अंजाम दिया गया। संबंधित अधिकारियों ने फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार किए और उन्हीं के आधार पर बैंक खातों में राशि ट्रांसफर कराई।

पहला मामला सज्जन चौधरी (आईडी क्रमांक 132910955) से संबंधित है। उन्हें कागज़ों में मृत दिखाकर 10 जनवरी 2021 को 5,000 रुपए की अंत्येष्टि राशि और 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि निकाल ली गई — जबकि सज्जन चौधरी आज भी जीवित हैं और स्वयं इस भ्रष्टाचार के गवाह बन चुके हैं।

दूसरा मामला गनपत कुशवाहा (आईडी क्रमांक 103975461) का है, जिन्हें मृत घोषित कर 14 जनवरी 2020 को 5,000 रुपए की अंत्येष्टि राशि और 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि निकाल ली गई। आरोप है कि यह सारा काम पंचायत सचिव, पीसीओ और जनपद पंचायत सीईओ की मिलीभगत से किया गया।

तीसरा मामला रामचरण चौधरी (आईडी क्रमांक 132785947) का है। उनकी मृत्यु वास्तव में 12 अप्रैल 2020 को हुई थी, लेकिन उनके परिवार को मिलने वाली सहायता राशि उन्हें देने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति के खाते में भेज दी गई। इससे साफ है कि पूरा नेटवर्क योजनाओं के तहत जारी होने वाले सरकारी धन को गबन करने में सक्रिय रहा।

ग्रामीणों ने की जांच की मांग

ग्रामवासियों ने इस पूरे प्रकरण को सरकारी धन की हेराफेरी और गंभीर धोखाधड़ी बताया है। उनका कहना है कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी मिलीभगत से गरीब श्रमिक परिवारों का हक छीन लिया। ग्रामीणों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जनआंदोलन या उच्च अधिकारियों तक शिकायत दर्ज कराएंगे।

कलेक्टर को जनसुनवाई में मिली शिकायत

इस भ्रष्टाचार (sambal-scam) की शिकायत जनसुनवाई के माध्यम से सतना कलेक्टर कार्यालय तक पहुंच चुकी है। शिकायत में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि संबल योजना में फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार कर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने इस मामले पर कहा — “हमें जनसुनवाई में शिकायत (sambal-scam) प्राप्त हुई है। जांच प्रारंभ कर दी गई है। यदि जांच में आरोप सही पाए गए, तो दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अन्य जगहों से भी ऐसे प्रकरण सामने आने पर जांच कराई जाएगी।”

सिस्टम पर सवाल

यह मामला प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाता है। एक ओर सरकार गरीबों और श्रमिकों के लिए संबल योजना (sambal-scam)जैसी कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, वहीं दूसरी ओर भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारी उन्हीं योजनाओं को अपने लाभ का माध्यम बना रहे हैं।

गांव के लोगों का कहना है कि जब सरकारी रिकॉर्ड में जीवित व्यक्तियों को मृत दिखाया जा सकता है, तो अन्य योजनाओं में भी इसी तरह की गड़बड़ी और फर्जीवाड़े की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

क्या है संबल योजना?

संबल योजना राज्य सरकार द्वारा संचालित एक सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसके अंतर्गत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को दुर्घटना या मृत्यु की स्थिति में अनुग्रह सहायता और अंत्येष्टि सहायता दी जाती है। लेकिन रहिकवारा पंचायत में इस योजना को भ्रष्टाचार (sambal-scam) का जरिया बना दिया गया। जीवित लोगों को मृत दिखाकर लाखों रुपए की सरकारी राशि हड़प लेना न केवल अपराध है, बल्कि यह गरीबों के अधिकारों पर सीधा प्रहार भी है।

जांच के बाद क्या होगा?

अधिकारियों का कहना है कि यदि दस्तावेज़ों में फर्जी हस्ताक्षर, प्रमाणपत्र या बैंक लेनदेन की पुष्टि होती है, तो एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल, मामले ने जिले के प्रशासन और पंचायत विभाग में हड़कंप मचा दिया है। यह घोटाला प्रदेश में पंचायत स्तर पर हो रहे सिस्टमेटिक भ्रष्टाचार (sambal-scam) की एक और मिसाल बन गया है।

रहिकवारा पंचायत का यह मामला केवल एक गांव या एक योजना तक सीमित नहीं है — यह पूरे सिस्टम के लिए (sambal-scam) एक चेतावनी संकेत है कि पारदर्शिता और निगरानी के बिना कोई भी जनकल्याणकारी योजना अपने वास्तविक उद्देश्यों से भटक सकती है।
अब देखना यह है कि जांच के बाद दोषियों पर कितनी सख्त कार्रवाई होती है, और क्या “जिंदा को मरा दिखाने” वाला यह भ्रष्टाचार वाकई में खत्म हो पाएगा या नहीं।

यह भी पढ़े सागर में एएसआई बर्खास्त: एएसपी के फर्जी हस्ताक्षर का मामला




सत्ता की छांव में पनपता अवैध कारोबार : रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रामनगर थाना पुलिस ने गुरुवार को अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा करते हुए भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) कोठी मंडल अध्यक्ष सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से एक नेक्सॉन कार (एमपी19 ZJ 7240) में छिपाकर लाई जा रही 8 पेटी (72 लीटर) अवैध शराब जब्त की।

मुखबिर की सूचना और पुलिस का जाल

सूचना थी कि रीवा से शराब की खेप देवराज़ नगर होते हुए रामनगर लाई जा रही है। थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने भिटारी गांव के पास घेराबंदी कर कार को रोका। तलाशी में शराब की पेटियां मिलीं। कार सवार चारों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें प्रमुख नाम है—

अभिनव गौतम (23), भाजयुमो कोठी मंडल अध्यक्ष

रोहित पाल (20)

राजेश गुप्ता (45)

ललित पाल (19)

राजनीतिक धमाका और त्वरित कार्रवाई

इस गिरफ्तारी ने स्थानीय राजनीति में भूचाल ला दिया। सत्ता पक्ष के पदाधिकारी पर लगे आरोपों से भाजपा की छवि पर आंच आती, इससे पहले ही जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडे ने शाम होते-होते अभिनव गौतम को पार्टी से निष्कासित कर दिया। पार्टी ने साफ कर दिया है कि संगठन में किसी भी स्तर पर अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जनता का आक्रोश और सवाल

स्थानीय लोगों में चर्चा गर्म है कि जब सत्ता से जुड़े लोग ही कानून तोड़ने लगें तो समाज में गलत संदेश जाता है।
लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या यह सिर्फ एक व्यक्ति की करतूत है या फिर इसके पीछे संगठित अवैध नेटवर्क काम कर रहा है?

पुलिस जांच और आगे की चुनौती

रामनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। अब जांच इस दिशा में बढ़ाई जा रही है कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी और किस सप्लाई चैन का हिस्सा थी। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सत्ता की आड़ में अवैध कारोबार करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




Maihar News : शादी में शामिल मेहमानों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, 12 लोग घायल

मध्यप्रदेश के मैहर जिले में आज दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में 12 लोग घायल हो गए 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक रामनगर थाना क्षेत्र के जुड़वानी गांव में कटनी से बारात आई हुई थी। आज सोमवार की सुबह यह बारात वापस जा रही थी। तभी रामनगर थाना क्षेत्र में बोलोरो पिकअप रफ्तार तेज होने के चलते पलट गई। इस हादसे में 12 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से 6 की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी को पुलिस और 108 की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल रामनगर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर रूप से घायल बारातियों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल बाकी 6 लोगों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

कटनी जा रही थी बारात

घायल बाराती ने बताया कि बारात कटनी जिले के विजराघवगढ़ से मैहर जिले के जुड़वानी गांव आई हुई थी। तभी बिदाई कर वापस लौटने के दौरान बुलेरो पिकअप पटना गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में 12 लोग घायल हुए हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद रामनगर थाना पुलिस पटना गांव पहुंची। जहां 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहीं घटना पर मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की गई है। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।




Maihar News : बस चालक ने एनएच 30 मैहर पर 500 मीटर तक बाइक खींची

मध्य प्रदेश के मैहर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक बस ड्राइवर ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी और फिर उन्हें करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। बाइक सवार जोर-जोर से चिल्लाकर मदद मांगते रहे। वहीं रास्ते में चल रहे लोग भी बस को रोकने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन ड्राइवर बस को तेज रफ्तार में भगाता रहा। यह हादसा रविवार सुबह 10 बजे मैहर के एनएच 30 हाईवे पर हुआ।

जानें पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, पोड़ी गांव के रहने वाले सोनू पटेल (20) और अरुण पटेल (22) मोटरसाइकिल से मैहर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार बस (नंबर AS 01 QC 3116) ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक बाइक समेत बस के आगे गिर गए। बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई और दोनों युवक भी उसी के साथ घिसटते रहे। जब राहगीरों ने पीछा करके बस को रोका, तब जाकर बस रुकी।

बस चालाक हुआ फरार

दोनों बाइक सवार युवक अपनी जान की दुहाई देते हुए बस के आगे वाले हिस्से में फंसे हुए थे। अगर बस का पहिया उन पर चढ़ जाता, तो उनकी जान जा सकती थी। किसी तरह उनकी जान बच गई और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पहले इलाज के बाद उन्हें संजय गांधी अस्पताल रीवा भेजा गया।

मैहर पुलिस मौके पर पहुंचकर बस को जब्त कर लिया। यह बस असम से टूरिस्ट लेकर रीवा की तरफ जा रही थी। घटना के बाद बस का ड्राइवर फरार हो गया।




Maihar News : देखते ही देखते आग का गोला बन गया ट्रक, ड्राइवर ने कूदकर बचाई अपनी जान

मध्यप्रदेश के मैहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलते ट्रक में देखते ही देखते ही आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली और स्थानीय लोगों की मदद से दमकल टीम को सूचना देकर आग पर काबू पाया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, जिस ट्रक में आग लगी वह ट्रक रीवा से कटनी की ओर जा रहा था। तभी मैहर के नेशनल हाइवे-30 पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास शॉर्ट सर्किट के चलते ट्रक में अचानक से आग लग गई। आग लगने से ट्रक का आगे का हिस्सा पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। फिलहाल, इस घटना के बाद से पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। आग लगने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।

चालक ने कूदकर बचाई जान

ट्रक में अचानक लगने से चालक शुभम चौधरी 24 वर्ष निवासी कचलोहा नागौद ने कूद कर अपनी जान बचाई। चालक ने जानकारी देते हुए बताया की वाहन में आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगी है। यह ट्रक केजेएस सीमेंट प्लांट से सीमेंट लोड कर रेलवे रैक में खाली करने जा रहा था, तभी मैहर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास यह हादसा हुआ है।

इनका कहना है

इस पूरे मामले पर मैहर पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम पहुची ओर दमकल को बुलाया गया। पुलिस और दमकल टीम की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। चालक पूरी तरह से सुरक्षित है और आंगे की जांच की जा रही है।




Maihar News : अधिकारी ने जनपद अध्यक्ष को गोली मारने की धमकी दी

मैहर जिले के अमरपाटन में जनपद अध्यक्ष और जनपद सीईओ के बीच एक बार फिर विवाद का मामला सामने आया है। दोनों के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें जनपद सीईओ गोली चलाने की बात कर रहे हैं। हालांकि इस पूरे मामले की शिकायत अब पुलिस तक जा पहुंची है। पुलिस पूरे मामले को जांच कर रही है।

दरअसल पूरा मामला अमरपाटन जनपद पंचायत का है, जहां बीते दिनों सामान्य बैठक का आयोजन चल रहा था। इस दौरान जनपद सीईओ ओपी अस्थाना जनपद अध्यक्ष माया पांडेय से अभद्रता करते हुए बैठक से उठकर चले गए, जिसके बाद से सीईओ के खिलाफ लगातार शिकायतें की जा रही हैं। जनपद अध्यक्ष माया विनीत पांडेय ने बताया कि बीते रात जनपद पंचायत सीईओ ओपी अस्थाना का फोन आया, जिसमें वो गोली चलाने की बात करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की मैहर एसपी से की है। अब एसडीओपी अमरपाटन द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है।

एक जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी का शराब के नशे में धुत होकर धमकीभरा ऑडियो वायरल होने के बाद प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। देर रात आया था सीईओ का फोन इस पूरे मामले पर अमरपाटन जनपद पंचायत अध्यक्ष माया पांडेय ने बातचीत कर बताया कि बीते बुधवार की रात तकरीबन 10 बजे सीईओ ओपी अस्थाना का फोन आया और वो शिकायत को लेकर गली गलौज करने लगे। इसके साथ मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। आज हम सब लोगों ने जिला कलेक्टर और थाना अमरपाटन में शिकायती पत्र दिया है अगर कार्यवाही नही होती तो सभी लोग धरना प्रदर्शन करेंगे।

इनका कहना है इस पूरे मामले पर अमरपाटन एसडीओपी प्रतिभा शर्मा का कहना है कि जनपद अध्यक्ष माया पांडेय ने शिकायत करते हुए एक ऑडियो सुनाया है, जिसमें किसी मामले पर सीईओ द्वारा गोली मारने की बात कही जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

बीते दिनों बैठक में हुई थी तू तू – मैं मैं

गौरतलब हो कि मैहर जिले के अमरपाटन जनपद पंचायत सभागार में सभी जनपद सदस्य की मौजूदगी में सामान्य बैठक का आयोजन चल रहा था। इस बीच सीईओ से किसी बात को लेकर अध्यक्ष बातचीत हुई थी। इस मामले पर महिला से अभद्रता करने का भी आरोप लगाए गए थे, जिसके बाद शिकायतों का दौर शुरू हुआ और आज मामला गोली चलाने तक जा पहुंचा है। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

नारायण त्रिपाठी ने कहा विंध्य की धरा में जंगलराज

मैहर जिले के अमरपाटन में जनपद अध्यक्ष माया विनीत पांडेय को जनपद सीईओ ओपी अस्थाना द्वारा गोली मारने की धमकी फोन से दी गई, जिसके बाद से राजनैतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर पुलिस जांच भी जारी है। इस मामले पर विन्ध्य के कद्दावर नेता और पूर्व मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी की भी इंट्री हो गई है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही तंज कसते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि विंध्य की धरा में जंगलराज, प्रमाणित धमकी के बाद भी अपराध दर्ज न होना चिंताजनक, अधिकारी द्वारा महिला जनपद अध्यक्ष को फोन करके धमकाना कि गोली कही भी चल सकती है दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी माननीय मुख्यमंत्री जी से अपील है कि मामले में तत्काल कार्यवाही कर प्रदेश में नजीर स्थापित की जानी चाहिए।

जनपद सीईओ के खिलाफ थाने में मामला हुआ दर्ज

अमरपाटन थाना पुलिस ने जनपद सीईओ के खिलाफ बीएनएस की धारा 79, 224, 351(3) और 352 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। घटना 16 अप्रैल रात 10 बजे की है। जब अध्यक्ष को फोन कर जनपद सीईओ ने फोन पर धमकी दी थी कि-गोली कहीं भी चल सकती है, चाहे टिकुरिया टोला में या फिर जनपद कार्यालय में। फिलहाल अमरपाटन जनपद पंचायत में तैनात सीईओ ओम प्रकाश अस्थाना के खिलाफ गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।




Holi 2025 : मैहर में शांतिपूर्ण होली और नमाज के लिए प्रशासन अलर्ट

आज पूरे देश में होली का पर्व मनाया जा रहा है। वहीं, आज रमजान महीने के जुमे का दिन होने की वजह से होली के बीच नमाज पढ़ने जाने वालों को चिंताएं सता रही थीं। लिहाजा, मैहर जिला पुलिस प्रशासन ने होली और जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए योजना तैयार की है।

दरअसल, पुलिस प्रशासन की कोशिश यह है कि त्योहारों की खुशियों के रंग में कोई भी असामाजिक तत्व बाधा न डाल पाए। इसके लिए पुलिस ने पहले से ही पूरी तैयारी कर ली है, ताकि हिंदू और मुस्लिम दोनों ही समुदाय आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ अपना-अपना आयोजन कर सकें। इसे लेकर मैहर पुलिस ने देर रात सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने शराबियों की जमकर क्लास भी लगाई। साथ ही जनता से आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। इसके साथ ही पुलिस ने हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए खासतौर से रणनीति तैयार की है। फ्लैग मार्च में प्रशासनिक और पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।

एसपी ने बोले- रखी जा रही नजर

मैहर पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने होली पर्व पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यदि, कोई व्यक्ति शांति व्यवस्था बनाए रखने में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की।

प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद

होली के एक दिन पहले से ही मैहर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी अपने बल के साथ पूरी तरह से मुस्तैद हैं। जिले के सभी मस्जिदों और होली वाले स्थलों पर पुलिस अपनी नजर रख रही है। इसके साथ ही समझाइश कर सद्भाव बनाए रखने की अपील भी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक बस्ती में एक-एक पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही अलग-अलग टीम अलग-अलग वाहनों से हर क्षेत्र में गश्त करेगी। हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।




Maihar News : मैहर जिला कलेक्टर ने 12 वर्ष पुरानी स्कूल बसों का संचालन बंद करने का निर्देश

जिला कलेक्टर ने स्कूलों में संचालित होने वाली 12 साल से पुरानी बसों के संचालन को बंद करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही कहा गया है कि अगर निर्देश का पालन नहीं किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परिवहन अधिकारी एवं यातायात पुलिस को भी ऐसी बसों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर रानी बाटड़ ने बताया कि “छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए उच्च न्यायालय के आदेश का पालन किया जा रहा है।”

80 से अधिक बसें होंगी बंद

इस बारे में बताया गया कि सतना और मैहर दोनों जिलों में संचालित होने वाले स्कूलों में करीब 500 से अधिक स्कूल बसें चलती हैं। ऐसे में दोनों जिले को मिलाकर 80 से अधिक 12 वर्ष पुरानी स्कूल बसों का संचालन बंद किया जाएगा। इसके साथ ही शासन द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार स्कूल बस पीले रंग की होनी चाहिए. बसों के आगे और पीछे बड़े अक्षरों में ‘स्कूल बस’ लिखा होना चाहिए। यदि बस किराए की हो तो ‘ऑन स्कूल ड्यूटी’ लिखा होना चाहिए।

स्कूल द्वारा उपयोग में लाई जाने वाली बस में निर्धारित सीटों से अधिक संख्या में बच्चे नहीं बैठने चाहिए। प्रत्येक बस में सुरक्षा की दृष्टि से खिड़कियों में ग्रिल, अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट ऐड बॉक्स होने चाहिए। बच्चों की सहायता के लिए चालक के अलावा अन्य प्रशिक्षित वयस्क व्यक्ति तैनात होना चाहिए। स्कूल बसों में जीपीएस सिस्टम एवं सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य है।