नर्मदापुरम में 8 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई राज्य सेवा व वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026

नर्मदापुरम।जिले में रविवार को राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन जिला मुख्यालय के कुल 8 केंद्रों पर किया गया, जहां प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा और पारदर्शिता के इंतजाम किए गए थे।

परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की गई। प्रथम सत्र सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 2:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक चला। प्रथम पाली में 1913 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 1001 महिलाएं और 912 पुरुष शामिल रहे, जबकि 644 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 1887 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें 991 महिला एवं 896 पुरुष परीक्षार्थी शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि इस परीक्षा के लिए कुल 2557 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।

इन केंद्रों पर हुई परीक्षा

जिले के जिन 8 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, उनमें शासकीय ज्ञानोदय स्कूल, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जुमेराती, एसपीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, गर्ल्स उच्च माध्यमिक विद्यालय इतवारा बाजार, एसएनजी हायर सेकेंडरी स्कूल, शासकीय गृह विज्ञान संग्रहालय परिसर तथा शासकीय नर्मदा महाविद्यालय शामिल रहे।

फ्लाइंग स्क्वॉड रहा सक्रिय

परीक्षा के दौरान प्रशासन की ओर से फ्लाइंग स्क्वॉड लगातार सक्रिय रहा। अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, एसडीओपी जितेंद्र पाठक, तहसीलदार सरिता मालवीय सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं संयुक्त कलेक्टर एवं सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित किया।

त्रिस्तरीय जांच से मिली सुरक्षा को मजबूती

परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया लागू की गई। अभ्यर्थियों की जांच बायोमेट्रिक सत्यापन, प्रवेश पत्र स्कैनिंग और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से की गई। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया था। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!