Sagar News : बोर्ड परीक्षा देकर लौट रही छात्रा पर कटर से हमला, हालत गंभीर

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 12वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा पर एक सिरफिरे युवक ने कटर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
परीक्षा केंद्र से निकलते ही किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार छात्रा शनिवार दोपहर करीब 2 बजे अपनी बोर्ड परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकली थी। तभी पहले से घात लगाकर बैठा आरोपी नीलेश (निवासी बंडा) बाइक से वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने पहले छात्रा से बात करने की कोशिश की, लेकिन किसी बात को लेकर विवाद होने पर उसने अपने पास रखे कटर से छात्रा पर लगातार वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

75 टांके आए, हालत नाजुक

हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि छात्रा के शरीर पर कुल 75 टांके आए हैं। डॉक्टरों के अनुसार उसकी पीठ पर 40, चेहरे पर 25 और कंधे पर 10 टांके लगाए गए हैं। अत्यधिक खून बह जाने के कारण छात्रा अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

सोशल मीडिया स्टेटस भी जांच के दायरे में

बताया जा रहा है कि वारदात से पहले आरोपी ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर लिखा था— “नाम बदनाम होने की चिंता छोड़ दी हमने, जब गुनाह होगा तो मशहूर भी होंगे…”। पुलिस इस स्टेटस को भी जांच का हिस्सा मानते हुए डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

परिजनों ने पुलिस पर लगाए आरोप

पीड़ित छात्रा के परिजनों ने मकरोनिया पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहा था और इसकी शिकायत पहले ही थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस समय पर कदम उठाती तो यह घटना टल सकती थी।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने बताया कि आरोपी बालिग है और खेत पर काम करता है। वारदात के बाद वह अपने घर गया, बाइक खड़ी की और फरार हो गया। पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This will close in 0 seconds

error: Content is protected !!